कटनी: सरकारी चावल घोटाले में एक ट्रांसपोर्टर गिरफ्तार, 31 ट्रक रास्ते से हुए गायब; चार साझेदारों पर हुई FIR
इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए 31 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गबन के मामले में पुलिस ने एक ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 10:32:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 10:32:26 PM (IST)
पुलिस ने एक ट्रांसपोर्टर को किया अरेस्ट, सांकेतिक तस्वीरHighLights
- पुलिस ने एक ट्रांसपोर्टर को किया अरेस्ट
- 31 ट्रक चावल रास्ते से हुए थे गायब
- चार साझेदारों पर दर्ज की गई FIR
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए 31 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गबन के मामले में पुलिस ने एक ट्रांसपोर्टर को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी सीएसपी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के साझेदार किशन केशरवानी को कटनी से गिरफ्तार किया है।
किशन ने ही नान कार्यालय में तीनों जिलों में चावल भेजने का दावा कर फर्जी पावतियां पेश की थीं। जिला प्रशासन ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस पर नान के रैक पाइंट से लोडिंग-अनलोडिंग पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इस मामले में ट्रांसपोर्टर के साथ नान के अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
चार साझेदारों पर हुई FIR
फोर्टिफाइड चावल के गायब होने के मामले की कलेक्टर की जांच के बाद गुरुवार रात को चार साझेदार भोपाल निवासी दीपक जैन, किशन केशरवानी, शांति मिश्रा और मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध रंगनाथ नगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस अन्य तीन की गिरफ्तारी के भी प्रयास कर रही है। वहीं, गिरफ्तार आरोपित किशन केशरवानी से पूछताछ की जा रही है कि 31 ट्रक सरकारी चावल का गबन कर उसे खुले बाजार में बेचा या कहीं और खुर्दबुर्द किया है।
बता दें कि, नान ने कटनी जिले से इंदौर, नीमच और हरदा जिलों के लिए चार करोड़ से अधिक कीमत का 10,797.18 क्विंटल चावल भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के माध्यम से भेजा था, लेकिन 31 ट्रकों में लदे 21,765 बोरे चावल को खुर्द-बुर्द कर दिया गया।