
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर के ओंकार मठ घाट पर शनिवार को किनारे खड़ी एक नाव में अचानक आग लग गई। नाव से धुआं उठता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते आग लगने की जानकारी मिलने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही जनहानि हुई। जानकारी के अनुसार ओंकार मठ घाट पर किनारे पर कई नावें खड़ी थीं। इसी दौरान इनमें से एक नाव में अचानक आग लग गई।
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर नावों में पेट्रोल इंजन के इस्तेमाल को आग लगने की घटनाओं की एक संभावित वजह माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि ओंकारेश्वर में बीते 15 दिनों के भीतर नाव में आग लगने की यह तीसरी घटना है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने नावों की सुरक्षा व्यवस्था और इंजन में इस्तेमाल होने वाले ईंधन के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घाटों पर बड़ी संख्या में नावों का संचालन होता है। ऐसे में नावों में आग लगने की घटनाएं यात्रियों और नाविकों की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय हैं।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए नावों के इंजन, पेट्रोल टैंक और ईंधन व्यवस्था की सुरक्षा जांच जरूरी हो गई है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें- ओंकारेश्वर में दो नावों की टक्कर, नाविकों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया
यह भी पढ़ें- गोपाष्टमी पर भगवान ओंकारेश्वर मालवा भ्रमण पर रवाना, 15 दिन नहीं सजेगा झूला-चौपड़