
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। खालवा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अलग-अलग सड़क हादसों में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामलों में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को खालवा के हाट बाजार से देर शाम घर लौट रहे दो बाइक सवारों की खालवा मंडी के पास आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दोनों बाइक के नंबर एमपी 68 जेडई-9710 और एमपी 12 जेडबी-4246 बताए गए हैं।
दुर्घटना में बाइक चालक विशाल पुत्र दयाराम (20) निवासी रहेटिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे शुभम पुत्र अशोक (25) को गंभीर चोटें आईं। दूसरी बाइक पर सवार लोग भी घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
इसी तरह ग्राम कुम्हारखेड़ा स्थित विद्युत ग्रिड के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक राज पुत्र सबर सिंह (22) निवासी कुम्हारखेड़ा की गर्दन में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दिनेश पिता नानूराम घायल हो गए।
बुधवार को ही पाडल्या मार्ग पर पिता-पुत्री बाइक दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल पुत्री ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस प्रकार तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई और पांच लोग घायल हुए।
यह भी पढ़ें- खंडवा में बाइक की सीट के अंदर छिपा बैठा था सात फीट लंबा अजगर, मची अफरा-तफरी
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे धारणी (महाराष्ट्र) से हरदा की ओर कांकड़-खल्ली भरकर जा रहा ट्रक ग्राम कालाआमखुर्द के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। ट्रक चालक राजा ककोड़िया ने बताया कि वाहन के सामने अचानक नेवला आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
यह भी पढ़ें- खरगोन में खंडवा-वडोदरा हाईवे पर मरीजों को अस्पताल ले जा रही कारें टकराई, एक की मौत, 10 घायल