
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। निमाड़ सहित पूरे मध्य प्रदेश में उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। एआइ, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और रेडीमेड गारमेंट जैसे क्षेत्रों में युवा अपना काम शुरू कर सकेंगे। सरकारी क्षेत्र में भी करीब दो लाख पदों पर भर्ती की जाएगी।
यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित सभा में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 85 हजार से अधिक नई भर्तियां की जा चुकी हैं। मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं अब वर्ष में दो बार आयोजित की जाएंगी। युवाओं को नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहिए।
आदर्श महाविद्यालय के स्टेडियम ग्राउंड पर हुए जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजातीय कार्यमंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश को बिजली, पानी, सिंचाई, सड़क, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय भाइयों के सम्मान में आयोजित किया जाता है।
शासन सभी वर्गों का सम्मान करने के काम के साथ ही विकास करना भी जानती है। इसलिए इंदौर में जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों को अधिकारी बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण पैकेज के तहत 20 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इससे अगले साल से सौ-सौ जनजातीय युवकों और युवतियों को उत्कृष्ट स्तर का कोचिंग दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा जल से पेयजल संकट दूर हुआ है। निमाड़ क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बढ़ने से फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है। यहां की मिर्च, सब्जियां और फल-फूल दूसरे क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। प्रदेश में बिजली उत्पादन पांच हजार मेगावाट से बढ़कर 24 हजार मेगावाट हो गया है। आने वाले दो वर्षों में इसे 32 हजार मेगावाट तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- मालवा-निमाड़ के 126 गांवों तक पहुंचेगा नर्मदा जल, सीएम ने किया सिंचाई परियोजना का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा- प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन आदिवासी समाज के लिए कोई काम नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को पहली बार आदिवासी राष्ट्रपति मिला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 16.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नगर निगम के आधुनिक भवन का लोकार्पण किया।
यह भी पढ़ें- एमपी में 37 आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति, जल संसाधन विभाग ने सौंपे अपॉइंटमेंट लेटर