मुरैना में खनन माफिया की धमकी... मैं विधायक का खास हूं, एक भी JCB यहां से वापस ले जाकर दिखाओ
कार्रवाई के दौरान एक दबंग रेत माफिया ने पुलिस टीम को धमकाया, खुद को विधायक का खास बताते हुए पथराव तक कर दिया।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 02:07:15 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 02:11:42 AM (IST)
खनन माफिया की पुलिस प्रशासन को धमकी, नईदुनियाHighLights
- खनन माफिया की पुलिस प्रशासन को धमकी
- रायडी घाट पर 1200 ट्राली रेत नष्ट कराया
- एक आरोपति ने किया पथराव, केस लगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। सबलगढ़ क्षेत्र में रेत माफिया ने चंबल नदी किनारे क्षेत्र में इतनी मात्रा में अवैध रेत इकट्ठा कर लिया, जिसके छोटे-छोटे पहाड़ से बन गए। इस सूचना के बाद रविवार को प्रशासन संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान एक दबंग रेत माफिया ने पुलिस टीम को धमकाया, खुद को विधायक का खास बताते हुए पथराव तक कर दिया और धमकाने लगा कि एक भी जेसीबी वापस ले जाकर दिखाओ। करीब छह घंटे चली कार्रवाई में रायडी घाट पर 1200 ट्राली अवैध रेत को मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया गया है।
दरअसल, आला अफसरों को सूचना मिली, कि सबलगढ़ ब्लाक के टेंटरा थाना क्षेत्र में चंबल नदी के बरोठा-रायडी क्षेत्र में भारी मात्रा में रेत का भंडारण किया हुआ है। इस सूचना की पुष्टि होने के बाद रविवार की दोपहर 12 बजे टेंटरा, सबलगढ़ थाना टीम के अलावा राजस्व, वन विभाग व एसएएफ जवानों की 35 सदस्यीय टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
दोपहर 12 बजे शुरू हुई कार्रवाई में शाम चार बजे के करीब प्रशासन की टीम रायडी घाट के पास अवैध रेत के भंडारण नष्ट कर रही थी, इसी दौरान रेत माफिया धीरा पुत्र पुन्या रावत निवासी रायडी आया। कार्रवाई के लिए मौजूद टेंटरा थाने के आरक्षक प्रदीप शर्मा, अम्रता और चालक राकेश पचौरी से विवाद करते हुए कहने लगा, कि इस रेत को नष्ट करने की हिम्मत कैसे हुई।
'मैं विधायक का खास आदमी हूं'
इसके बाद भी कार्रवाई नहीं थमी तो धीरा रावत कहने लगा, कि मैं विधायक का खास आदमी हूं। मेरा नुकसान करने का मतलब है, विधायक का नुकसान कर रहे हो। इतने के बाद भी दबंग रेत माफिया नहीं थमा और पुलिस टीम को धमकी देते हुए ओला कि एक भी जेसीबी को इस गांव से बाहर ले जाके दिखाओ।
इसके बाद पुलिस टीम की ओर पत्थर भी फेंकन लगा। तब जाकर आरोपित धीरा को पकड़ा गया, टेंटरा थाने में शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया गया। बताया गया है, कि धीरा का भाई बंटी रावत भी अवैध रेत का काम करता है, जिस पर कुछ दिन पहले ही टेंटरा थाने में केस दर्ज हुआ है। यह खुद को सबलगढ़ विधायक सरला रावत के नजदीकी बताते हैं।
26.40 लाख का रेत नष्ट कराया
रायडी घाट के आसपासपर कई जगह रेत के भंडारण मिले। तीन बैकहो लोडर मशीन (जेसीबी) ने छह घंटे तक लगातार कार्रवाई करते हुए लगभग 1200 ट्राली रेत को नष्ट करने की कार्रवाई की। इस रेत का बाजार मूल्य 26 लाख 40 हजार रुपये आंका गया है।