पन्ना में हजारों किसानों की आय होगी दोगुनी, बनासकांठा मॉडल पर बनेगा आधुनिक दुग्ध उत्पादन केंद्र
पशुपालकों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने बड़ी पहल की है।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 04:28:36 PM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 04:28:36 PM (IST)
फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- पन्ना में बनेगा आधुनिक दुग्ध उत्पादन केन्द्र
- 180 एकड़ में प्रस्तावित उत्पादन केन्द्र
- विधायक ने अमित शाह को लिखा पत्र
नई दुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालकों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने बड़ी पहल की है।
उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर गुजरात के बनासकांठा जिले के विश्व प्रसिद्ध बनास डेयरी मॉडल की तर्ज पर पन्ना में आधुनिक दुग्ध उत्पादन केंद्र विकसित करने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में कहा कि पन्ना ऐतिहासिक, प्राकृतिक और वन संपदा से समृद्ध है, लेकिन आज भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था पारंपरिक खेती पर निर्भर है। बड़ा भूभाग वन क्षेत्र से घिरा होने के कारण रोजगार के टिकाऊ अवसरों की आवश्यकता है। ऐसे में डेयरी उद्योग पन्ना की तस्वीर बदल सकता है।
5000 गोवंश क्षमता वाला बनेगा अभ्यारण्य
उन्होंने मध्यप्रदेश शासन की स्वावलंबी गौशाला (कामधेनु निवास) नीति-2025 का हवाला देते हुए बताया कि जिले में 180 एकड़ भूमि पर 5000 गोवंश क्षमता वाले गौ अभयारण्य की स्थापना की कार्यवाही प्रचलन में है।
यदि इस अभयारण्य को दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, विपणन और बायो सीएनजी उत्पादन से जोड़कर एक समन्वित मॉडल बनाया जाए तो जिले में डेयरी क्रांति आ सकती है।
बनासकांठा मॉडल ने सहकारी व्यवस्था से ग्रामीण समृद्धि की मिसाल पेश की है। इस मॉडल ने किसानों को बाजार, महिलाओं को आर्थिक मजबूती और गोबर-धन के उपयोग को बढ़ावा दिया है। इसी तर्ज पर पन्ना में गांव-गांव दुग्ध संग्रहण केंद्र, प्रसंस्करण इकाई और विपणन नेटवर्क विकसित किया जा सकता है।
इस पहल से केवल दुग्ध उत्पादन ही नहीं, बल्कि चारा उत्पादन, परिवहन, पैकेजिंग, बायो ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में हजारों रोजगार सृजित होंगे। महिला स्व-सहायता समूहों को सहकारी व्यवस्था से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा सकेगा। विधायक ने केंद्र से इस मॉडल के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया है।