पन्ना टाइगर रिजर्व के पास मिली बाघिन की लाश, गले में कसा था क्लच वायर का फंदा, वन विभाग में हड़कंप
पन्ना जिले में उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के वन कक्ष क्रमांक पी-390 में एक वयस्क बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 04:16:26 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 04:16:26 PM (IST)
बाघिन की लाश मिलने से हड़कंप, नईदुनियाHighLights
- बाघिन की लाश मिलने से हड़कंप
- गले में मिला क्लच वायर का फंदा
- डॉग स्क्वॉड की मदद से वन में सर्चिंग
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के वन कक्ष क्रमांक पी-390 में एक वयस्क बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा कसकर फंसा हुआ मिला है। प्रारंभिक आशंका है कि वन्यजीवों के शिकार के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाए गए फंदे में फंसने से दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई।
मनकी गांव के पास मिला शव
मनकी गांव के समीप जिस जंगल में बाघिन का शव मिला है, वह पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से लगा हुआ है। गले में फंदे से बने घाव की स्थिति देखकर यह आशंका भी जताई जा रही है कि बाघिन कई दिन पहले फंदे में फंसी होगी और घायल अवस्था में भटकते हुए यहां पहुंची, जहां उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी, पन्ना रेंजर अजय वाजपेई सहित वन अमला मौके पर पहुंचा। डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के जंगल में सर्चिंग कराई जा रही है।