
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बड़ी बहन से विवाद के बाद मौसी के घर जा रही 17 वर्षीय छात्रा को मदद के बहाने अपने घर ले जाकर बंधक बनाने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर स्थित कोठारी हाउस के पास रहने वाले युवक ने 16 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया।
आरोपित ने छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना लिया और बाद में उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो स्वजन तक पहुंचने के बाद पीड़िता ने माता-पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
50 रुपये देने के बहाने घर ले गया
मुरैना निवासी दसवीं कक्षा की छात्रा महाराजपुरा क्षेत्र में अपनी बड़ी बहन के साथ रहती है। करीब चार महीने पहले कोचिंग जाते समय उसकी पहचान कोठारी हाउस निवासी हरेंद्र सिंह गुर्जर से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवक की बातचीत का तरीका बदलने पर छात्रा ने उससे संपर्क बंद कर दिया, लेकिन वह स्कूल और कोचिंग के आसपास पहुंचने लगा।
यह भी पढ़ें- बैलेंसिंग रॉक को विरासत स्थल घोषित करने की मांग, हाई कोर्ट ने केन्द्र और राज्य सरकार को भेजा नोटिस
16 नवंबर को बड़ी बहन से विवाद होने के बाद छात्रा मौसी के घर जाने के लिए निकल गई। जेब में किराये के पैसे नहीं होने पर वह दशहरा मैदान में बैठ गई। इसी दौरान उसने एक राहगीर से मोबाइल लेकर हरेंद्र को फोन किया और 50 रुपये मांगे। कुछ देर बाद हरेंद्र वहां पहुंचा और पैसे देने के बजाय उसे अपनी मां से रुपये दिलाने का कहकर घर ले गया।
यह भी पढ़ें- 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में नहीं हुई सुनवाई; एडवोकेट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने उठाए सवाल
छात्रा के मुताबिक, घर पहुंचने पर कोई मौजूद नहीं था। जब वह वापस जाने लगी तो युवक ने दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की। आरोप है कि उसने छात्रा का वीडियो भी बना लिया और रातभर धमकाकर उसे बंधक बनाए रखा। सुबह किसी तरह वहां से निकलकर छात्रा मौसी के घर पहुंची।
भाई के मोबाइल पर पहुंचा वीडियो तो खुला मामला
घटना के बाद डर और बदनामी के भय से छात्रा ने किसी को कुछ नहीं बताया। 23 नवंबर को उसे पता चला कि आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया है। वीडियो उसके भाई शिवा के मोबाइल पर भी पहुंच गया। भाई ने आरोपित को फोन कर वीडियो हटाने के लिए कहा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
इसके बाद पीड़िता ने माता-पिता के साथ महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हरेंद्र गुर्जर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 351(3), पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(ई), 67 और 67(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 70,979 किसानों ने बेचा धान, एक दिन में हुई 63 हजार टन से अधिक खरीदी