
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। नामली थाना क्षेत्र के बांगरोद में बुधवार रात चाकू से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय युवक की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। हमलावरों ने युवक के सीने, पेट और गले पर चाकू से कई वार किए थे।
गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तीन बाइक पर सवार संदिग्ध सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए हैं। पुलिस इनकी पहचान और तलाश में जुटी है।
घटना बुधवार रात करीब 9.30 बजे बांगरोद चौकी क्षेत्र में जड़वासा रोड पर हुई। बांगरोद निवासी 24 वर्षीय तेजपाल पुत्र ईश्वरलाल पाटीदार रेलवे स्टेशन से आगे गैस एजेंसी के पास खेत की ओर जाने वाले रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान तीन से चार अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमलावरों ने उसके बाएं हाथ की तरफ सीने पर, सीने के नीचे, दाएं हाथ की तरफ पेट और गले पर वार किए। तेजपाल ने शोर मचाया तो रास्ते से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल बांगरोद से करीब एक किलोमीटर दूर जड़वासा रोड पर मुख्य सड़क से 10 से 15 फीट अंदर खेत में मिला। तेजपाल की बाइक सड़क पर लॉक मिली, जबकि उसका मोबाइल घटनास्थल से करीब 20 फीट दूर पड़ा था। बाइक लॉक मिलने और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस इस आशंका पर भी जांच कर रही है कि हमलावर युवक के परिचित हो सकते हैं।
संभव है कि उनके रोकने पर तेजपाल ने बाइक खड़ी कर लॉक की हो और उनके साथ खेत की ओर गया हो। बताया जा रहा है कि तेजपाल खेत की तरफ था और वहां से बांगरोद में आयोजित अन्नकूट की प्रसादी लेने जा रहा था। उसका बड़ा भाई लखन है। दोनों भाई पिता के साथ खेती का काम करते थे।
एएसपी विवेक कुमार लाल ने नामली थाने के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में फुटेज की जांच की तो तीन बाइक पर सवार कुछ संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने संबंधित फुटेज निकालकर संदिग्धों की तलाश शुरू की है। इसके साथ ही तेजपाल के मोबाइल की अंतिम कॉल और अन्य कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी, इसकी जानकारी मिल सके।
यह भी पढ़ें- पत्नी को बदनाम करने के लिए पति ने पार की हद, दो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर भेजीं आपत्तिजनक तस्वीरें
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। नामली और बांगरोद क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। एएसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान, नामली थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद, बांगरोद चौकी प्रभारी वीडी जोशी और साइबर सेल की टीम जांच में जुटी है। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।