
नईदुनिया प्रतिनिधि, रानिसिंग/रतलाम। रावटी थाना क्षेत्र के रानिसिंग गांव में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान और गले पर निशान मिले हैं। आशंका है कि गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। घटना के बाद से पति की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रानिसिंग निवासी मांगीलाल पुत्र गेंदालाल गरवाल का मंगलवार रात पत्नी कलाबाई से विवाद हुआ था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे मांगीलाल गांव के सरपंच प्रतिनिधि अंबाराम गरवाल के घर पहुंचा। वे उस समय सो रहे थे। इसके बाद करीब 10 बजे मांगीलाल ने फोन पर सूचना दी कि पत्नी की मौत हो गई है। उसने बताया कि रात में विवाद के बाद वह सो गया था और सुबह उठने पर पत्नी की मौत की जानकारी मिली।
गांव के चौकीदार छोटेलाल मालिवाड ने पुलिस को सूचना दी। जांच के लिए एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट और गले पर निशान मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। थाना प्रभारी मनीष डावर ने बताया कि पति की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- रतलाम में दादा के घर चोरी करने पहुंचे 4 दोस्त... एक हुआ घायल, जंगल में फेंक भागे साथी, अब मिला कंकाल
परिवार के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा करण विवाहित है, जबकि अर्जुन और कमलेश अविवाहित हैं। तीनों गुजरात में मजदूरी करने गए हुए हैं। घटना के समय पति-पत्नी घर पर अकेले थे। सास-ससुर दूसरे मकान में रहते हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- पत्नी को बदनाम करने के लिए पति ने पार की हद, दो फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर भेजीं आपत्तिजनक तस्वीरें