
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। इंदौर से नीमच के बीच हाईवे पर ट्रक कटिंग की वारदातों ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। बदमाश चलते ट्रक और पिकअप पर चढ़कर माल चोरी कर रहे हैं। स्पीड ब्रेकर या ढलान पर वाहन की रफ्तार कम होते ही वे पीछे से वाहन पर चढ़ जाते हैं और तिरपाल काटकर या रस्सी खिसकाकर उपज की बोरियां नीचे गिरा देते हैं।
सोशल मीडिया पर भी ट्रक कटिंग के वीडियो वायरल हो रहे हैं। कुछ चालक तो रास्ते में चोरी से बचने के लिए अपने साथी को ट्रक के ऊपर बैठाकर सफर कर रहे हैं। रतलाम बायपास पर सोमवार सुबह हुई वारदात भी इसी तरीके से की गई। बदमाशों ने चलती पिकअप पर चढ़कर लहसुन के चार कट्टे चोरी कर लिए।
ड्राइवर जादूसिंह ने बताया कि वे सुबह करीब 5:15 से 5:30 बजे के बीच पिकअप (एमपी 13 जेडक्यू 5773) से करीब चार टन यानी 100 कट्टे लहसुन लेकर धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाचरौद से मंदसौर जिले की पिपलियामंडी कृषि उपज मंडी जा रहे थे।
लहसुन पांच किसानों का था। महिंद्रा सर्विस शोरूम और रेलवे के घटला ब्रिज के बीच एक बस ड्राइवर ने आवाज देकर बताया कि पिकअप के पीछे कोई चढ़ा हुआ है। जादूसिंह ने वाहन रोका तो एक बदमाश नीचे कूद गया, जबकि दो अन्य डिवाइडर पर दिखाई दिए। ड्राइवर के अनुसार चार बदमाश बाइक पर थे और उनके पास पत्थर थे। उन्होंने करीब 25 फीट दूर से पथराव किया। एक-दो पत्थर लहसुन के कट्टों के बीच गिरे। जादूसिंह ने पिकअप आगे बढ़ाई तो बदमाश दोबारा चलते वाहन पर चढ़ गए।
सेजावता फंटे के पास स्पीड ब्रेकर पर बदमाशों ने लहसुन के कट्टों पर बंधी रस्सी खिसकाई और चार कट्टे नीचे गिरा दिए। ये कट्टे किसान रविश पाटीदार के थे। बदमाश कट्टे बाइक पर रखकर हाईवे पर विपरीत दिशा में इंदौर की ओर भाग निकले। जादूसिंह ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस वाहन ने भी बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जादूसिंह ने अपने भांजे भीमसिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। भीमसिंह ने औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चोरी गए चार कट्टों की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
वाहन चालकों का कहना है कि कई बार उन्हें वाहन से माल चोरी होने की जानकारी काफी आगे निकलने के बाद मिलती है। अपरिचित स्थान पर वाहन रोकने से वे इसलिए भी डरते हैं कि वहां बदमाशों से सामना होने का खतरा रहता है। इस कारण कई ड्राइवर शिकायत दर्ज कराने से भी बचते हैं।
यह भी पढ़ें- Dewas Crime News: देवास में चलते मिनी ट्रक की तिरपाल काटकर चुरा लिए तेल के डिब्बे
कंटेनरों की सील काटकर माल निकालने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। ड्राइवरों के बीच इंदौर से नीमच के बीच सतर्क रहने के संदेश और वारदातों के वीडियो भी साझा किए जा रहे हैं। शनिवार रात एसपी अमित कुमार ने हाईवे का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था देखी थी।
यह भी पढ़ें- एबी रोड पर ट्रक से कटिंग कर एलईडी टीवी चुराने वाले पांच आरोपियों को देवास पुलिस ने किया गिरफ्तार
हाईवे, एटलेन और मुख्य मार्गों पर पेट्रोलिंग जारी है। आरोपितों की तलाश के लिए टीम लगाई है। रोकथाम की योजना बना रहे हैं। शिकायतकर्ता बेखौफ शिकायत करें, पुलिस हरसंभव सहायता करेगी। - राकेश पंद्रो, एएसपी शहर