
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। नयागांव - लेबड फोरलेन पर महिंद्रा शोरूम के सामने बुधवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यापारी से 8 लाख 15 हजार 510 रुपये लूट लिए। व्यापारी और उसका ड्राइवर लघुशंका के लिए कार से उतरे थे, तभी बदमाश कार में रखा रुपयों और दस्तावेजों से भरा बैग निकालकर भागने लगे। व्यापारी और ड्राइवर ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया और बैग भी छीन लिया।
इस पर बदमाश कुछ देर बाद वापस लौटे और दोनों पर पत्थरों से हमला कर दिया। कार का कांच फोड़कर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। हमले में व्यापारी और ड्राइवर घायल हुए हैं। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने लूट का प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार इंदौर के बैराठी कालोनी निवासी हर्षित चंदानी कन्फेक्शनरी उत्पाद (गोली, बिस्किट, चाकलेट) की मार्केटिंग का काम करते हैं। उनका रतलाम, नीमच, मंदसौर, जावरा सहित अन्य क्षेत्रों में कारोबार है। वे 17 नवंबर को अपने ड्राइवर गजेंद्र भिड़े के साथ कार क्रमांक एमपी 09 डीजे 9076 से इंदौर से रतलाम आए थे।
यहां दुकानदारों से कैश कलेक्शन करने के बाद नीमच और फिर मंदसौर गए। बुधवार को मंदसौर में कलेक्शन करने के बाद जावरा पहुंचे। यहां ए-वन होटल में व्यापारी मित्रों के साथ खाना खाकर इंदौर के लिए रवाना हुए थे।
रात करीब 11:15 बजे रतलाम के पास महिंद्रा शोरूम के सामने वे लघुशंका के लिए रुके थे। व्यापारी कार के पीछे और ड्राइवर आगे की तरफ गया था। इसी दौरान बाइक पर आए दो बदमाश कार के पास पहुंचे और उसमें रखा बैग निकालकर भागने लगे।
व्यापारी ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। बैग को लेकर दोनों पक्षों के बीच छीना-झपटी हुई। ड्राइवर भी वहां पहुंच गया। इस दौरान बदमाशों की बाइक भी गिर गई। व्यापारी ने उनसे बैग छीनकर कार में रख लिया। इसके बाद दोनों बदमाश वहां से चले गए।
कुछ देर बाद दोनों बदमाश फिर लौटे और व्यापारी व ड्राइवर पर पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने कार का कांच भी फोड़ दिया और व्यापारी के पास रखा रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में दुकानदारों से वसूली गई 8 लाख 15 हजार 510 रुपये की राशि और दस्तावेज रखे थे।
हमले में व्यापारी के सिर, हाथ और पैरों में चोट आई, जबकि ड्राइवर के सिर और बाएं पैर में चोट लगी। घटना के बाद व्यापारी ने डायल 112 पर सूचना दी और स्टेशन रोड थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- रतलाम के रानिसिंग में पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला की मौत, शरीर पर चोट के निशान
इसके बाद एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी अमित कोरी सहित पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य जानकारियां जुटा रही है।
आशंका है कि बदमाश पहले से व्यापारी की कार का पीछा कर रहे थे और उन्हें कलेक्शन की राशि होने की जानकारी थी। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- रतलाम जिले में देर रात अन्नकूट का प्रसाद लेने गए युवक पर चाकू से हमला, सुबह हुई मौत