
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रतलाम जिले के जावरा के मीनाखेड़ा गांव में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में महिला और दोनों बच्चों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने तीनों को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत हुसैन टेकरी इलाके की है। मृतकों की पहचान 26 वर्षीय दया बाई पत्नी हरिओम, उसकी पांच वर्षीय बेटी दक्षु और तीन वर्षीय बेटे अरविंद के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे दया बाई अपनी बेटी दक्षु को स्कूल छोड़ने के लिए घर से निकली थी। उसके साथ तीन वर्षीय बेटा अरविंद भी था। इसी दौरान महिला ने दोनों बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें जावरा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
सुबह करीब 10:30 बजे निजी अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और दया बाई को भी जावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- पुणे जाने की जिद पर पति से हुआ झगड़ा, पत्नी ने कटनी जिला अस्पताल की चौथी मंजिल से लगा दी छलांग
महिला के इस कदम के पीछे की वजह जानने के लिए स्वजन और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई जा रही है। हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। स्वजनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- Rewa News: नदी में जहां बेटे और भाई की डूबकर हुई थी मौत, वहीं महिला ने कूदकर दे दी जान