
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। नामली में शनिवार रात करीब 10:30 बजे फोरलेन पर पल्दूना फंटा के पास तेज रफ्तार फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के कुछ देर बाद कार में जोरदार ब्लास्ट हुआ।
हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और कार में सवार पांचों लोग समय रहते बाहर निकल आए। हादसे का पूरा घटनाक्रम फोरलेन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में कार के डिवाइडर से टकराने और पलटने के बाद कुछ देर में जोरदार ब्लास्ट होता दिखाई दे रहा है। घटना में किसी तरह की आगजनी या जनहानि नहीं हुई। ब्लास्ट किस कारण हुआ और इसमें किसी ज्वलनशील अथवा रासायनिक पदार्थ की भूमिका थी या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
कार में सचिन सोंधी, प्रिंस सिंह (24), अनुपम केसरवानी (24), सोनरजीत यादव (26) और आशीष (19) सवार थे। सभी पीथमपुर क्षेत्र में निजी कंपनियों में कार्यरत बताए गए हैं। हादसे में पांचों को मामूली चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद सभी कार से बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर नामली थाना प्रभारी अमित कोरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पांचों को नामली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- डॉ. आंबेडकर नगर-रीवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 11 अक्टूबर से, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पल्दूना जाने के लिए फोरलेन पर कट है। यहां पहले भी हादसे होने के कारण कट के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। पुलिस ने कार सवारों से पूछताछ शुरू कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित कोरी ने बताया कि पांचों लोगों को मामूली चोटें आई हैं और घटना की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई से संपर्क का हवाला देकर डराया, रतलाम में डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 55 लाख की साइबर ठगी