
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। विंध्य में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस महकमे से जुड़े लोगों के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। रीवा जोन के डीआईजी के गनमैन अशोक कुमार तिवारी के घर में बीती रात 40 लाख रुपये की बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। घटना चोरहटा थाना क्षेत्र की है, जहां चोर पूरे परिवार के सोते रहने के दौरान घर का ताला तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर ले गया।
जानकारी के अनुसार डीआईजी कार्यालय में पदस्थ गनमैन का परिवार चोरहटा में रहता है। रात में सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान एक शातिर चोर घर में घुसा। बताया जा रहा है कि चोर ने पहले रसोई में रखी पूड़ी और अचार खाया, पानी पिया और फिर इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला।
उसने अलमारी और बक्सों के लॉक तोड़कर सोने के हार, मंगलसूत्र, चूड़ियां, अंगूठियां, चांदी के बर्तन, पायल और घर में रखी नकदी समेट ली। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली थीं।

परिवार ने तुरंत इसकी सूचना चोरहटा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित के अनुसार चोरी गया सामान करीब 40 लाख रुपये का है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- सीधी के छुहिया घाटी कांड में 30 हजार का इनामी आरोपी नासिक के कालिका मेले से गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को बुलाया। आसपास के घरों और मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि चोर अकेला था और वह घर की रेकी पहले से कर रहा था। उसने इस तरह से वारदात को अंजाम दिया कि परिवार को भनक तक नहीं लगी।
यह भी पढ़ें- तीन नोटिस हुए बेअसर, दस्तावेज दिखाने भोपाल नहीं गया फर्जी डॉक्टर, रीवा के 26 पुलिस स्टेशन अलर्ट