'तुम्हारे खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर देंगे', रीवा में भाजपा नेताओं और पुलिस की बहस; वीडियो वायरल
शहर के अमहिया थाने में पुलिसकर्मी और भाजपा नेताओं के बीच जमकर बहस हो गई। बहस का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 03:20:46 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 03:20:46 PM (IST)
भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच जमकर बहस, नईदुनियाHighLights
- बाइक चोरी की जानकारी लेने गए थे भाजपा नेता
- भाजपा नेताओं और पुलिस के बीच जमकर बहस
- पुलिस पर धमकी और मुकदमा लिखने का आरोप
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। शहर के अमहिया थाने में पुलिसकर्मी और भाजपा नेताओं के बीच जमकर बहस हो गई। बहस का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि तुम्हारे खिलाफ ही मामला दर्ज कर देंगे। इस बात को सुनते ही भाजपा नेता भड़क गए और थाने में ही दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
क्या था पूरा मामला
एक माह पूर्व वार्ड 18 के पार्षद अंबुज रजक की मोटरसाइकिल संजय गांधी अस्पताल से चोरी हो गई थी। शुक्रवार को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता दीनानाथ वर्मा अन्य कई भाजपा पार्षदों के साथ चोरी गई मोटरसाइकिल की जानकारी लेने अमहिया थाना पहुंचे थे।
थाना प्रभारी मनोज गौतम से मुलाकात के बाद उन्हें आश्वासन मिला। बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी से मिलने के बाद जब नेता बाहर आ रहे थे, तभी किसी बात को लेकर पुलिसकर्मी और भाजपा नेताओं के बीच बहस हो गई।
धमकी वाले अल्फाज पर भड़के नेता
भाजपा नेताओं का कथित आरोप है कि बातचीत के दौरान पुलिसकर्मी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि तुम्हारे खिलाफ ही मामला दर्ज कर देंगे। इसी बात पर भाजपा नेता भड़क गए और थाने में ही बहस शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई बहस का वीडियो अब वायरल हो रहा है।
थाना प्रभारी ने कुछ भी कहने से किया इनकार
मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोज गौतम ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। वहीं इस घटना के बाद थाने में पुलिस और जनप्रतिनिधियों के बीच संबंधों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल एक माह बीत जाने के बाद भी चोरी गई मोटरसाइकिल का पता नहीं चल सका है, जिससे भाजपा नेताओं में नाराजगी है।