रीवा में यूजीसी विवाद पर बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, सरकार हर समाज को साथ लेकर चलेगी, किसी के साथ अन्याय नहीं होगा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार हर समाज को साथ लेकर चलने वाली सरकार है और सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा।
Publish Date: Mon, 05 Oct 2026 10:28:39 AM (IST)Updated Date: Mon, 05 Oct 2026 10:33:31 AM (IST)
हेमंत खंडेलवाल, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेशHighLights
- रीवा दौरे पर पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष
- यूजीसी विवाद पर बोले हेमंत खंडेलवाल
- किसी के साथ नहीं होने दिया जाएगा अन्याय
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के पहले रीवा दौरे के दौरान यूजीसी को लेकर चल रहे विवाद पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार हर समाज को साथ लेकर चलने वाली सरकार है और सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपने संगठनात्मक दौरे पर पहली बार रीवा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी और सरकार सभी समाजों के हितों को लेकर संवेदनशील है। यूजीसी से जुड़े मामले में भी सभी पक्षों की बात सुनी जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम करती है। सरकार की मंशा है कि किसी भी समाज में असंतोष न रहे और सभी को न्याय मिले। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि संगठन को लेकर वे रीवा संभाग का दौरा कर रहे हैं।
संगठन मजबूती के लिए करेंगे बैठक- खंडेलवाल
इस दौरान पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा की जाएगी। संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्ययोजना को लेकर भी बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
'रीवा बीजेपी का गढ़'
उन्होंने कहा कि रीवा भाजपा का गढ़ है और यहां के कार्यकर्ताओं ने हमेशा पार्टी को मजबूती दी है। संगठनात्मक दौरे का उद्देश्य कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना और जमीनी हकीकत को समझना है। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।