
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। संजय गांधी अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। अस्पताल परिसर में मरीज के अटेंडर, डॉक्टर और सुरक्षा गार्ड के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते अस्पताल का वार्ड कुरुक्षेत्र में तब्दील हो गया।
इस घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यह विवाद मोबाइल को लेकर शुरू हुआ था।
बताया जा रहा है कि वार्ड में मरीज के अटेंडर मोबाइल पर बात कर रहा था, जिस पर डॉक्टर और गार्ड ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला लात-घूंसों तक पहुंच गया।
बीच-बचाव करने आए लोगों को आईं चोटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी चोटें आईं। अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर पुलिस का साइबर अपराध पर शिकंजा, करोड़ों की चपत लगाने वाले ठगी गिरोह के 6 म्यूल अकाउंट एजेंट गिरफ्तार
कई बार हो चुकी है मारपीट की घटनाएं
संजय गांधी अस्पताल में आए दिन इस तरह की मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कभी डॉक्टरों की सुरक्षा का मुद्दा उठता है तो कभी अटेंडरों के साथ बदसलूकी का आरोप लगता है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 20 रुपये के लिए खौफनाक वारदात, मोमोज बेचने वाले ने छात्र के मुंह पर फेंका कढ़ाई में खौलता तेल