_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के सेमरिया क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तालाब में नहाने गए दो श्रमिकों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, सेमरिया क्षेत्र में कुछ श्रमिक मजदूरी का कार्य कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद दो श्रमिक पास स्थित तालाब में नहाने के लिए चले गए। नहाते समय दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।
दूसरे श्रमिक का रेस्क्यू जारी
देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को बुलाया। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एक श्रमिक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे श्रमिक की तलाश अभी भी जारी है। अंधेरा और तालाब में अधिक गहराई होने के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- अब इंतजार की घड़ियां हुई समाप्त, रावघाट से नई रेल सेवा का शुभारंभ, 20 अक्टूबर से दौड़ेगी रायपुर पैसेंजर ट्रेन
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बताया जा रहा है कि तालाब काफी पुराना और गहरा है। बरसात के कारण उसमें पानी का स्तर बढ़ा हुआ है, साथ ही किनारे पर फिसलन भी है। पुलिस ने बरामद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है।
मृतक श्रमिकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों मृतक बाहर से आकर यहां मजदूरी का काम कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दूसरे श्रमिक के शव की तलाश के लिए सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।