सतना में सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी के पेट में लगी गोली, शस्त्र पूजा के बाद बंदूक अलमारी में रखते समय हुआ हादसा
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अचानक गोली चलने से सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
Publish Date: Wed, 21 Oct 2026 10:40:31 PM (IST)Updated Date: Wed, 21 Oct 2026 10:40:31 PM (IST)
मंदाकिनी विहार कॉलोनी में हुई घटना, नईदुनियाHighLights
- मंदाकिनी विहार कॉलोनी में हुई घटना
- जिला अस्पताल से रीवा रेफर घायल
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मंदाकिनी विहार कॉलोनी में बुधवार शाम लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चलने से सहायक आबकारी अधिकारी की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली 50 वर्षीय दीपमाला सिंह के पेट में लगी।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और किराएदार उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रीवा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मंदिर से बंदूक लेकर अलमारी में रखने जा रही थीं
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को घर में शस्त्र पूजा की गई थी। बुधवार शाम दीपमाला सिंह मंदिर से बंदूक लेकर उसे अलमारी में रखने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उनके पेट में जा लगी। गोली चलने की आवाज के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। पति देवेंद्र प्रताप सिंह और किराएदार उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे।
किराएदार अभिषेक सिंह के मुताबिक, चीखने और रोने की आवाज सुनकर वे कमरे में पहुंचे तो दीपमाला घायल अवस्था में थीं। उनके पेट में गोली लगी थी। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
कमरे में मिली लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक
देवेंद्र प्रताप सिंह रीवा में सहायक आबकारी अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं और इन दिनों अवकाश पर सतना आए हुए थे। घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। तब तक घायल महिला को अस्पताल ले जाया जा चुका था।
पुलिस ने मकान का ताला खुलवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे में लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक मिली। वहीं, रसोई के पास रखे दीवान पर खिड़की के टूटे कांच बिखरे हुए थे। पुलिस को मौके पर खून के निशान और कारतूस का खाली खोखा नहीं मिला।
किन परिस्थितियों में चली गोली, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी प्रीति विश्वकर्मा ने कमरे सहित आसपास के हिस्सों का बारीकी से निरीक्षण किया और मकान में रहने वाले किराएदारों से पूछताछ की। पुलिस ने फिलहाल मकान में ताला लगवाकर उसकी चाबी अपने पास रख ली है।
गोली किन परिस्थितियों में चली और घटनाक्रम वास्तव में कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।