
नईदुनिया प्रतिनिधि, मैहर। शारदीय नवरात्र के दौरान मां शारदा मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ रही है। गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक कुल 55,929 श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए। वहीं, जबलपुर से आए पांच दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
कलेक्टर एवं मां शारदा मंदिर प्रबंध समिति की अध्यक्ष बिदिशा मुखर्जी के निर्देशन में राजेंद्र रैकवार, चेतना, आराधना, उमेश और बन्नो को मां शारदा के दर्शन कराए गए। दर्शन के बाद कलेक्टर ने सभी श्रद्धालुओं को मां शारदा के आशीर्वाद स्वरूप चुनरी भेंट की। सुगम दर्शन की सुविधा मिलने पर श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त की।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, 15 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे तक पैदल मार्ग से 53,853, वैन मार्ग से 576 और रोपवे के माध्यम से 1,500 श्रद्धालु मां शारदा के दरबार पहुंचे। इस तरह कुल 55,929 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इसके पहले शारदीय नवरात्र के चतुर्थ दिवस बुधवार को मां शारदा शक्तिपीठ में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। 14 अक्टूबर को लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शारदा के दर्शन किए।
इनमें पैदल मार्ग से 68,500, वैन मार्ग से 870 और रोपवे के माध्यम से 2,200 श्रद्धालु पहुंचे। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल, तहसीलदार सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक अमले ने दर्शनार्थियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी, ताकि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
नवरात्र की चतुर्थी पर मां शारदा देवी के चरणों में छप्पन भोग अर्पित किया गया। यह सेवा मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के अन्नकूट प्रसादालय की ओर से की गई। वहीं, श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
यह भी पढ़ें- मां शारदा धाम जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी, जो आपको करेगी मदद
नवरात्र के अवसर पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी की पहल पर मंदिर क्षेत्र में नौ दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को देवी जी मार्ग स्थित बंधा बैरियर परिसर में रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता हुई।
प्रतियोगिता के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य जयंती तिवारी और राजकुमारी सिंह, नायब तहसीलदार शिव भूषण सिंह, सीडीपीओ अखिलेश दीपांकर तथा माया द्विवेदी उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें- त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माता के दर्शन के लिए देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु, मैहर की धार्मिक पहचान है मंदिर