'पैसे दे दो कलेक्टर साहब का आदेश रुकवा देंगे'...सीधी में लोकायुक्त ने जाल बिछाया और तहसील बाबू अरेस्ट
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर तहसील कार्यालयों में हड़कंप मचा दिया है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 06:12:14 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 06:12:14 PM (IST)
रिश्वत लेते तहसील बाबू गिरफ्तार, नईदुनियाHighLights
- जिले में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार
- रिश्वत लेते तहसील बाबू गिरफ्तार
- लोकायुक्त ने बिछाया था जाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीधी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर तहसील कार्यालयों में हड़कंप मचा दिया है।
रीवा लोकायुक्त टीम ने रामपुर नैकिन तहसील के हनुमानगढ़ वृत्त में पदस्थ लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को उप तहसील हनुमानगंज में की गई, जहां टीम ने पहले से जाल बिछा रखा था।
टीम के पहुंचते ही तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आरोपित के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। टीम द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
18 नवंबर को हुई थी शिकायत
शिकायतकर्ता हीरालाल कोल 57 वर्ष निवासी देवरछ खड़डी 18 नवंबर को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया था। शिकायत में बताया गया था कि नायब तहसीलदार वृत्त-हनुमानगढ़ कार्यालय में पदस्थ लिपिक भूपेंद्र सिंह चौहान कलेक्टर के जमीन संबंधी आदेश के क्रियान्वयन को रुकवाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह काफी परेशान था, क्योंकि बिना पैसे दिए उसका काम नहीं हो रहा था। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस संभाग रीवा द्वारा पहले शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।
जाल बिछाकर किया अरेस्ट
योजना के अनुसार, 19 नवंबर को शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर भेजा गया। जैसे ही आरोपित लिपिक ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की पहली किस्त ली, वहां पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी जब्त कर ली है। यह ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक एस. राम मरावी एवं निरीक्षक संदीप सिंह भदोरिया द्वारा लोकायुक्त रीवा की टीम सहित की गई।