
डिजिटल डेस्क, सतना। चित्रकूट से बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार सोमवार दोपहर को ग्रामीणों के साथ जिला प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। यह धरना प्रदर्शन दोपहर से लेकर आधी रात तक जारी रहा। इस दौरान आला अधिकारी उन्हें मनाने पहुंचे लेकिन वह अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
करीब रात 12 बजे के आसपास मुख्यमंत्री आवास से फोन आया और उसके बाद ही विधायक ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया। विधायक का कहना है कि प्रदेश सरकार में किसी गरीब का शोषण होने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन को हर किसी को एक समान न्याय देना चाहिए।
वन विभाग ने जब्त किया था ट्रैक्टर
दरअसल, मझगवां की वन विभाग की टीम ने एक आदिवासी किसान के ट्रैक्टर को जब्त कर लिया था। आरोप था कि किसान इस ट्रैक्टर से वन विभाग की भूमि पर जुताई कर रहा था। इसके बाद किसान सहायता के लिए विधायक के पास पहुंच गया।
यह भी पढ़ें- IND vs WI T20: कब और कहां खेला जाएगा पहला टी-20 मुकाबला, समय और तारीख से लेकर नोट कर लीजिए पूरा शेड्यूल
किसान की गुहार सुनने के बाद बीजेपी विधायक वन विभाग के रेंज ऑफिस पहुंच गए। जब वन अमले ने ट्रैक्टर छोड़ने में असमर्थता जाहिर की तो उन्होंने धरना शुरू कर दिया। उनके साथ कुछ ग्रामीण भी इसमें शामिल रहे। वह बीच सड़क पर ही धरने पर बैठ गए।
वन विभाग ने दिया तर्क
मामले को लेकर वन विभाग ने तर्क दिया कि हमने नियमानुसार एक्शन लिया है। किसान वन विभाग की भूमि को ट्रैक्टर से जोत रहा था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रैक्टर को छोड़ दिया जाएगा। धरने की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी विधायक के पास पहुंच गए थे।