
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से नयागांव पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद हनुमान धारा तक आवागमन बहाल करने के लिए बनाया गया पीपा पुल तैयार हो गया है। करीब 1.69 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अस्थायी पुल से दीपावली मेले में चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
अक्टूबर के मध्य में निर्माण शुरू होने के बाद लगभग 20 दिन में पुल तैयार किया गया। दीपावली मेले से पहले आवागमन की सुविधा बहाल करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती थी, जिसे समयबद्ध निर्माण के जरिए पूरा किया गया।
29 अगस्त की बाढ़ में टूटा था पुल
चित्रकूट में 29 अगस्त 2026 को मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी। नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण रामघाट-हनुमान धारा मार्ग पर स्थित नयागांव पुल का स्लैब अपनी जगह से हट गया था। इससे पुल क्षतिग्रस्त हो गया और इस मार्ग से आवागमन बाधित हो गया। वर्ष 1985 में निर्मित इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से हनुमान धारा जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यह भी पढ़ें- महिला को पोटली में कागज-पत्थर देकर ले गए सोने के जेवर, ठगों ने दिया ऐसा लालच की फंस गई
टूटे पुल के बगल में तैयार किया गया विकल्प
दीपावली मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की योजना बनाई। इसके तहत क्षतिग्रस्त पुल के बगल में पीपा पुल का निर्माण शुरू कराया गया। नदी की परिस्थितियों के अनुरूप पीपे स्थापित कर पुल को दोनों ओर के संपर्क मार्गों से जोड़ा गया। करीब 20 दिन के भीतर निर्माण पूरा होने से मेले के पहले आवागमन बहाल करने का रास्ता साफ हो गया।
स्थायी पुल बनने तक मिलेगी राहत
पीपा पुल अस्थायी व्यवस्था है। क्षतिग्रस्त नयागांव पुल के स्थान पर स्थायी पुल बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है। नए पुल के निर्माण में कई महीने लगने का अनुमान है। ऐसे में पीपा पुल श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। दीपावली मेले के दौरान हनुमान धारा पहुंचने वाले लोगों को अब वैकल्पिक रास्तों से लंबा चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कार में घूमकर बेच रहे थे स्मैक, तिलवारा-गोहलपुर पुलिस ने गोटेगांव के तीन तस्करों को दबोचा