सतना में खुली खदान में गिरा 13 साल का अखिलेश, पानी में तैरती मिली चप्पल, SDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ककलपुर गांव में प्रभात स्टोन क्रेशर की खुली खदान मंगलवार शाम एक 13 वर्षीय बालक के लिए जानलेवा साबित हुई।
Publish Date: Wed, 23 Sep 2026 09:10:44 AM (IST)Updated Date: Wed, 23 Sep 2026 09:10:44 AM (IST)
खदान में संयुक्त रेस्क्यू जारी, (नईदुनिया)HighLights
- स्टोन क्रेशर की खुली खदान में गिरा अखिलेश
- सुबह से SDRF और पुलिस का रेस्क्यू जारी
- खदान में गिरने से पहले हो चुकी हैं दो मौतें
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के ककलपुर गांव में प्रभात स्टोन क्रेशर की खुली खदान मंगलवार शाम एक 13 वर्षीय बालक के लिए जानलेवा साबित हुई। लल्लू उर्फ अखिलेश साहू पिता चंद्रभान साहू के खदान में डूबने की आशंका है।
साइकिल से सामान लेने निकला था बाहर
बुधवार सुबह से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम खदान के गहरे पानी में उसकी तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। बताया गया कि, अखिलेश मंगलवार शाम साइकिल से सामान लेने के लिए घर से निकला था।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इसी दौरान खदान के पानी के पास उसकी साइकिल और सामान मिला। साइकिल खदान की बाउंड्री से लगी हुई थी, जबकि उसकी चप्पल पानी में तैरती मिली। इसके बाद परिजनों ने उसके खदान में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सुबह से रेस्क्यू जारी
सूचना पर बेला चौकी और रामपुर बाघेलान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात खदान में रेस्क्यू शुरू नहीं किया जा सका। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम पहुंची और पानी में तलाश शुरू की गई।
खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल खदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़ा हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान में पानी भरने के बाद भी वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। खदान के आसपास लोगों को खतरे से आगाह करने वाले चेतावनी बोर्ड और प्रभावी सुरक्षा घेरा नहीं होने का भी दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी यहां दो लोगों की मौत हो चुकी है। यदि यह दावा सही है तो लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा क्यों नहीं की गई, यह जांच का विषय है।