
नईदुनिया न्यूज, बुदनी : नगर के वार्ड 12 स्थित कोरी मोहल्ले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने 36 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह करीब दो लाख रुपये की उधारी सामने आई है।
आरोपियों ने कर्ज और ब्याज चुकाने से बचने के लिए राकेश मीणा, उनकी पत्नी राधा और बेटे अश्विन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर की सुबह करीब 7.55 बजे हेमराज मेहरा (20) अपने घर के बाहर मंजन कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसी राकेश मीणा के घर से बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पड़ोस में रहने वाली नेहा कुशवाह के कहने पर हेमराज घर के अंदर पहुंचा तो गैलरी में खून फैला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर राकेश मीणा (47), उनकी पत्नी राधा मीणा (45) और बेटे अश्विन मीणा (18) के शव पड़े मिले। तीनों के सिर पर किसी ठोस हथियार से गंभीर वार किए गए थे। हेमराज ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित जगदीश ने मृतक राकेश मीणा से करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। इस रकम को ब्याज सहित लौटाना था। इसके अलावा कर्ज चुकाने तक जगदीश की फसल में से भी हिस्सा लेने की बात तय हुई थी। इसी आर्थिक लेनदेन से छुटकारा पाने के लिए जगदीश ने अपने साथी अनिल के साथ मिलकर राकेश और उसके पूरे परिवार की हत्या की साजिश रची। इसके लिए अनिल को भी पैसों का लालच दिया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपित 16 नवंबर की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच राकेश मीणा के घर पहुंचे, उन्होंने बातचीत करने के बहाने दरवाजा खुलवाया और अपने साथ लाई गई कुल्हाड़ी से राकेश, उनकी पत्नी और बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर तीनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन टायलेट में डालकर उस पर पानी डाल दिया, ताकि पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल सके।
यह भी पढ़ें- रीवा के रायपुर कर्चुलियान टोल प्लाजा पर अध्यक्ष की कर्मियों से बहस का Video viral
यह भी पढ़ें- महादेव सट्टा एप केस: 2 दिसंबर तक के लिए जेल भेजा गया सौरभ चंद्राकर, ED ने नहीं मांगी दोबारा रिमांड