
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। सीहोर जिले की इच्छावर तहसील के ग्राम जमुनिया हटे सिंह में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की चपेट में आने से करीब 20 ट्राली भूसा, कृषि उपकरण और घरेलू व कृषि सामग्री नष्ट हो गई। इस अग्निकांड में एक गाय और एक भैंस के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जमुनिया हटे सिंह निवासी भोजराज, दिलीप और महेश के यहां आग लगने से भारी नुकसान हुआ। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते भूसा और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, आग में पशुओं के चारे के साथ खेती-किसानी में उपयोग होने वाले उपकरण भी नष्ट हो गए। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने पशुओं के चारे की व्यवस्था और आर्थिक नुकसान की भरपाई की चुनौती खड़ी हो गई है।
गौरतलब है कि ग्राम जमुनिया हटे सिंह प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के क्षेत्र का गांव है। यहां हुए अग्निकांड में ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में आतिशबाजी से 22 जगह आग, सिकरौदा चौराहे पर पटाखों से भरी बस जलकर खाक
ग्रामीणों का कहना है कि आगजनी से प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने और पीड़ितों को राहत प्रदान करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन प्रभावित परिवारों की सुध लेकर उन्हें कितनी जल्दी सहायता उपलब्ध कराता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में आतिशबाजी से 50 से ज्यादा आग लगने की घटनाएं, कहीं फर्नीचर जला, कहीं गृहस्थी का सामान