
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। शहर के भैरोगंज क्षेत्र (मुंगवानी रोड) में नई शराब दुकान खोले जाने को लेकर स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
विरोध-प्रदर्शन और हंगामे के बीच अब सिवनी विधायक दिनेश राय 'मुनमुन' ने 6 नवंबर (2026) को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागों को एक पत्र लिखा है।
विधायक ने अपने पत्र में भैरोगंज क्षेत्र में शराब दुकान खोलने के निर्देश को तुरंत निरस्त करने और इस संबंध में लापरवाही या षड्यंत्र करने वाले प्रशासनिक व आबकारी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि दलसागर तालाब भैरोगंज में संचालित शराब दुकान को उच्च न्यायालय के स्थानांतरण आदेश के बाद जिला, आबकारी और पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण लगभग 4 स्थलों पर स्थानांतरित किया जा चुका है।
बताया कि क्षेत्रीय महिलाओं द्वारा इसका लगातार विरोध किया जा रहा है और इस संबंध में उन्होंने पूर्व में भी जिला प्रशासन व विभागीय अधिकारियों को पत्राचार किया है। विधायक ने पत्र में स्पष्ट किया कि कुछ लोगों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है कि उनके द्वारा दुकान स्थापित कराई जा रही है।
शराब ठेकेदान ने हाई कोर्ट में दाखिल किया हलफनामा
दूसरी ओर, शराब ठेकेदार द्वारा उच्च न्यायालय में मेरे (विधायक) खिलाफ हलफनामा प्रस्तुत किया गया है कि वे दुकान हटवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की उदासीनता के कारण जनमानस में पार्टी की छवि धूमिल हो रही है।
गौरतलब है कि 5 नवंबर (गुरुवार) को मुंगवानी रोड पर मोक्षधाम के सामने शराब दुकान शुरू करने की भनक लगते ही भारी हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर पहुंच गए। हालांकि दुकान पूरी तरह खुली नहीं थी, लेकिन सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाइश का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने।
इसके बाद, आक्रोशित महिलाएं दोपहर में कलेक्ट्रेट पहुंचीं और कलेक्टर अंजू अरुण कुमार को अपनी आपत्ति जताते हुए कहा कि वे भैरोगंज क्षेत्र में किसी भी कीमत पर शराब दुकान नहीं खुलने देंगी। कलेक्टर ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में मेट्रीमोनियल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर महिला से दो साल तक दुष्कर्म
महिलाओं ने टेंट में लगाई आग
महिलाओं ने बताया कि मुंगवानी रोड में मोक्षधाम के सामने टीन शेड लगाकर दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले, 4 नवंबर (बुधवार) को भी दलसागर कंपोजिट शराब दुकान-बी के नए स्थान पर संचालन को लेकर महिलाओं का भारी गुस्सा देखने को मिला था।
बुधवार सुबह महिलाओं ने नई शराब दुकान के लिए लगाए गए टेंट में आग लगा दी थी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और दुकान के कर्मचारी भाग खड़े हुए।
बताया जा रहा है कि इस घटना में कुछ शराब की बोतलें भी जल गईं। घटना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महिलाओं ने मुंगवानी रोड पर कटे हुए पेड़ की लकड़ी अड़ाकर चक्काजाम कर दिया और वहीं टेंट लगाकर धरने पर बैठ गईं। इस प्रदर्शन में पास ही स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान की महिलाएं भी शामिल थीं।
यह क्षेत्र में शराब दुकान को लेकर चौथा बड़ा प्रदर्शन है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने पूर्व में आश्वासन दिया था कि जिस जगह विरोध किया जा रहा है, वहां दुकान नहीं खुलेगी। इसके बावजूद, मोक्षधाम के सामने टीन शेड लगाकर दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है, जिसे वे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेंगे।