
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों की स्लॉट बुकिंग शुरू हो गई है। किसान अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी उपार्जन केंद्र, ऑनलाइन सेंटर या कियोस्क के माध्यम से तारीख और केंद्र का स्लाट बुक करा सकेंगे। जिले में धान खरीदी एक दिसंबर से शुरू होकर 20 जनवरी तक चलेगी। प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
स्लॉट बुकिंग अनिवार्य होने से खरीदी केंद्रों पर एक साथ भीड़ और अव्यवस्था से बचने की उम्मीद है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस खरीफ सीजन में जिले के 53,242.25 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बुवाई हुई है।
समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए 33,371 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों का शत-प्रतिशत सत्यापन पूरा कर लिया है। धान खरीदी के लिए इस वर्ष जिले में करीब 59 उपार्जन केंद्र बनाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष होंगे महादेव कावरे, मंजूरी मिलते ही जारी होगा आदेश
उपार्जन केन्द्रों में फेरबदल की व्यवस्था
किसान तय तारीख और केंद्र का स्लॉट मिलने के बाद ही धान लेकर पहुंच सकेंगे। सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों में आंशिक फेरबदल की व्यवस्था भी रखी गई है। पिछले वर्ष मिलरों की देरी और भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण सरकारी ओपन कैंप से धान का उठाव नहीं हो पाया था, जिससे भंडारण की समस्या आई थी।
इस बार ऐसी स्थिति से बचने के लिए विभाग ने विशेष कार्ययोजना बनाई है। नई फसल सुरक्षित रखने के लिए ब्यौहारी, बुढ़ार और जयसिंहनगर तहसीलों में अस्थायी कैंप बनाए जाएंगे।
धान खरीदी की जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। केंद्रों पर किसानों को असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं। भागीरथी लहरे, प्रभारी डीएसओ
यह भी पढ़ें- सीजी में 1501 पदों पर निकली भर्तियां, तीन दिसंबर तक कर सकेंगे अप्लाई; आवेदन की बढ़ाई गई तारीख