शहडोल के बुढ़ार में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से हड़कंप, दो क्लीनिक को किया सील, एक्सपायरी दवाएं जब्त
जिले के बुढ़ार में मरीजों के इलाज में गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को दो अलग-अलग क्लीनिकों पर कार्रवाई करते हुए दोनों को सील...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 20 Sep 2026 12:08:20 PM (IST)Updated Date: Sun, 20 Sep 2026 12:08:20 PM (IST)
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से हड़कंप, (नईदुनिया)HighLights
- बुढ़ार में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से हड़कंप
- बीपीटी डिग्री पर हो रहा था एलोपैथी इलाज
- दो क्लीनिक सील, एक्सपायरी दवाएं जब्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के बुढ़ार में मरीजों के इलाज में गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को दो अलग-अलग क्लीनिकों पर कार्रवाई करते हुए दोनों को सील कर दिया है। दोनों जगहों से दवाइयां जब्त की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तीन सदस्यीय संयुक्त टीम ने सबसे पहले हीरा कॉलोनी के पास डॉक्टर केएन गुप्ता के क्लीनिक की जांच की। डॉक्टर गुप्ता रिटायर्ड सरकारी डॉक्टर हैं। विभाग के मुताबिक, क्लीनिक में मरीजों को दवाएं देकर इलाज किया जा रहा था।
क्लीनिक में मिली एक्सपायरी दवाएं
जांच में पता चला कि डॉक्टर गुप्ता का पंजीयन सिर्फ कंसल्टेंसी के लिए है। क्लीनिक में एक्सपायरी दवाएं भी मिलीं, जिन्हें जब्त कर लिया गया। इसके बाद टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया। इसके बाद टीम ने खैराहा रोड स्थित सरईकापा के अभयराज हास्पिटल में जांच की। यहां कई मरीज भर्ती मिले, कुछ को ड्रिप भी लगी थी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, क्लीनिक संचालक डॉक्टर अभयराज दूसरे डाक्टर के नाम से मरीजों का इलाज कर रहे थे। जांच में सामने आया कि डॉक्टर अभयराज के पास बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी) का पंजीयन है। इसके बावजूद वह क्लीनिक में मरीजों को भर्ती कर एलोपैथिक इलाज दे रहे थे।
जांच के बाद होगी आगे कार्रवाई
टीम ने क्लीनिक से संबंधित दवाइयों की जांच की और कार्रवाई के बाद उसे भी सील कर दिया। यह कार्रवाई डीएचओ-1 डि. आर.के. शुक्ला, डीआईओ डॉक्टर अंशुमान सुनारे और बुढ़ार बीएमओ डॉक्टर सचिन कारखुर की संयुक्त टीम ने की। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच में मिली गड़बड़ियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।