_20261021_202757_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने जा रहा डीजे लोड पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कमलेश बैगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।
घायलों में दो को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, पिकअप गोहपारू से खन्नौधी में आयोजित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। ग्राम सेमरा मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब सरकारी योजनाओं के लिए नहीं पड़ेगा भटकना, घर के पास लगेंगे विशेष वित्तीय शिविर
पुलिस ने शुरू की जांच
वाहन में लोड डीजे और जनरेटर भी सड़क पर गिर गए। उनकी चपेट में आने से पिकअप में सवार लोग घायल हो गए। पिकअप पलटने के बाद उसमें लोड डीजे बॉक्स और जनरेटर सड़क पर गिर गए। वाहन में सवार लोग इनकी चपेट में आए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। गोहपारू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के अनुसार, डीजे लोड पिकअप दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने खन्नौधी जा रहा था। सेमरा मोड़ के पास वाहन पलटने से एक व्यक्ति की मौत हुई और अन्य लोग घायल हुए। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।