नईदुनिया प्रतिनिधि, बालाघाट। बहुचर्चित एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए महाराष्ट्र की गोंदिया पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे मामले को चौंकाने वाली मर्डर मिस्ट्री में बदल दिया है। बालाघाट के खैरलांजी के नवेगांव (ख) निवासी 35 वर्षीय वर्षा तुरकर की 14 नवंबर को गोंदिया के बोंडरानी गांव के जंगल में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी।
गोंदिया पुलिस के अनुसार, वर्षा के मित्र नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ने ही अपने पति की महिला मित्र वर्षा की हत्या कराने के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने चार आरोपितों मोना अग्रवाल (41), इमरान पिता करीम शेख (26), शाहरुख पिता फिरोज पठान (33) और कुणाल पिता श्यामलाल कुंभलकर (31) को गिरफ्तार किया है।
सभी गोंदिया जिले के रहने वाले हैं। दो आरोपित नलन उर्फ नायलान शेख (24) और कृष्णा राऊत (19) की तलाश जारी है। गोंदिया एसपी गौरव भामरे के निर्देशन पर गठित टीम ने घटनास्थल से लेकर तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी, बालाघाट होते हुए गोंदिया तक 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें बाइक से तीन संदिग्ध नितेश की कार का पीछा करते दिखाई दिए थे।
पति के अवैध संबंध संबंध से नाराज थी पत्नी
गोंदिया पुलिस के अनुसार, नितेश और वर्षा के बीच प्रेम संबंध था। इससे नितेश की पत्नी मोना नाराज रहती थी। मोना ने पड़ोसी कुणाल के साथ वर्षा की हत्या की योजना बनाई। कुणाल ने कुख्यात अपराधी शाहरुख पठान से संपर्क किया और 13 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की।
शाहरुख ने परिचित इमरान शेख, नलन शेख और कृष्णा राऊत को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी। हत्याकांड का खुलासा एसपी गौरव भामरे और एएसपी अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा के निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े के नेतृत्व में हुआ है।
जीपीएस एप से कार की मिलती थी लोकेशन
नितेश जिस कार से यात्रा कर रहा था, वह उसकी पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस के मुताबिक, कार में लगे जीपीएस से जुड़े मोबाइल एप के माध्यम से आरोपितों को कार की लोकेशन मिलती थी। इसी आधार पर हत्यारों ने नितेश की कार का पीछा किया। बालाघाट जाते समय बोंडरानी गांव के जंगल में शिव मंदिर के पास मौका पाकर वर्षा की हत्या कर दी।
60 लाख का लेनदेन, नितेश की भूमिका भी जांच में
गोंदिया एसपी गौरव भामरे ने गोंदिया में गुरुवार को पत्रकारवार्ता लेते हुए बताया कि आरोपितों से मामले के हर बिंदू पर पूछताछ की जाएगी। वर्षा और नितेश के बीच 60 लाख रुपये के लेनदेन से लेकर हत्याकांड में नितेश की भूमिका भी जांच का अहम हिस्सा है।
मोना ने हत्यारों को सुपारी की रकम देने के लिए जिस व्यक्ति से 13 लाख रुपये लिए थे, उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। एसपी गौरव ने बताया कि मामले के खुलासे में बालाघाट पुलिस का अच्छा सहयोग मिला।