Kishor Kanyal डिजिटल डेस्क, शाजापुर। ट्रक ड्राइवरों से बहस के बाद जिन शाजापुर के पूर्व कलेक्टर किशोर कन्याल का ट्रांसफर किया गया है, वे कई बार सादगी की मिसाल पेश कर चुके हैं। यहां तक कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी में बेसहारा लोगों को होटल में खाना तक खिलाया था, इतना ही नहीं कलेक्टर खुद इन बेसहारा लोगों को खाना परोसते नजर आए थे।
दरअसल, फरवरी 2023 में किशोर कन्याल की बेटी की शादी थी। शादी समारोह एक होटल में आयोजित किया। जिसमें कन्याल ने सादगी की मिसाल पेश करते हुए बेसहारा लोगों को आमंत्रित किया था और उन्हें खुद खाना खिलाया था, यहां तक कि किशोर कन्याल की बेटी भी खाना परोसते हुए नजर आई थीं। उस समय किशोर कन्याल ग्वालियर नगर निगम में कमिश्नर थे। वहीं इस शादी समारोह के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे और सभी ने कन्याल की इस सादगी की तारीफ की थी।
गौरतलब है कि नए हिट एंड रन कानून के विरोध में ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के चलते शाजापुर के पूर्व कलेक्टर किशोर कन्याल ने हड़ताल के चलते बने हालात से निपटने और वाहन चालकों से चर्चा करने के लिए बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में एक ड्राइवर ने कहा था कि तीन दिन तक हमारी हड़ताल है, इसके बाद हम कुछ भी करेंगे। जिसके बाद वे ड्राइवर पर भड़क गए थे और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खासा वायरल हुआ। जिसके बाद उनका ट्रांसफर कर दिया गया।