अगले महीने थी बहन की शादी, मालगाड़ी पर चढ़ते ही हाईटेंशन लाइन से झुलसा इकलौता भाई, दर्दनाक मौत
शुजालपुर स्टेशन पर मालगाड़ी के वैगन पर चढ़े 17 वर्षीय विनायक की हाईटेंशन लाइन से झुलसकर मौत हो गई। बहन की शादी से ठीक पहले इकलौते भाई के निधन से परिवार में मातम पसर गया है।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 07:50:28 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 07:50:28 AM (IST)
इकलौते भाई की दर्दनाक मौत। (नईदुनिया)HighLights
- शुजालपुर स्टेशन पर दोस्त को छोड़ने गया था 17 वर्षीय विनायक।
- मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ते ही 25 हजार वोल्ट का झटका लगा।
- हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर/मदाना : दोस्त को भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठाने के लिए घर से निकला 17 वर्षीय विनायक प्रजापति कभी लौटकर नहीं आएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। शुक्रवार देर रात शुजालपुर रेलवे स्टेशन पर एक पल की चूक ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।
प्लेटफार्म नंबर-2 पर खड़ी पेट्रोल से भरी मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ते ही विनायक 25 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ आग का गोला उठा और उसकी जिंदगी थम गई। शनिवार को मदाना गांव में जब इकलौते बेटे की अर्थी उठी तो हर आंख नम हो गई। पिता ज्ञान सिंह प्रजापति बार-बार बेटे को याद कर बिलखते रहे।
स्टेशन पर दोस्त को छोड़ने गया था छात्र
- विनायक तुलसी नगर स्थित स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। शुक्रवार देर रात वह वह शासकीय कालेज मैदान में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम से घर लौटा था। इसके बाद परिवार को बताया कि बचपन के दोस्त तन्मय परमार को भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठाने स्टेशन जा रहा है। दोनों रात करीब 9:30 बजे प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंचे। तन्मय को इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट ट्रेन से भोपाल जाना था।
- इसी दौरान विनायक पास खड़ी पेट्रोल से भरी मालगाड़ी के वैगन की सीढ़ियों पर चढ़ने लगा। इस दौरान ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की चपेट में आते ही तेज धमाका हुआ। आग की लपटें उठीं और वह नीचे गिर पड़ा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।