
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय शाजापुर के स्टेशनरी एवं अन्य सामग्री टेंडर हासिल करने के लिए दस्तावेजों में छेड़छाड़ करना प्रिंटिंग प्रेस संचालक को भारी पड़ गया। मामले में थाना लालघाटी पुलिस ने नवीन प्रिंटिंग प्रेस के प्रोपराइटर मोहम्मद अली के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह काफी चर्चित मामला है।
प्रिंटिंग प्रेस संचालक को कार्रवाई से बचाने के नाम तत्कालीन एसपी के नाम से एसपी बंगले के बाहर 25 लाख रुपये के लेनदेन की शिकायत भी सामने आई थी। शिकायत की जद में पुलिस अधिकारी और जवान भी आ रहे थे, इसलिय उसे जांच के नाम पर दबा दिया गया। बहरहाल कूट रचित दस्तावेज लगाकर टेंडर हासिल करने को लेकर प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में लालघाटी थाना पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई सड़क निवासी अंकित नागर (प्रोपराइटर अंकित ट्रेडर्स) ने 27 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा स्टेशनरी एवं अन्य सामग्री की खरीदी के लिए जारी निविदा में नवीन प्रिंटिंग प्रेस शाजापुर के संचालक मोहम्मद अली द्वारा पिछले तीन वर्षों से कथित रूप से फर्जी दस्तावेज लगाए जा रहे हैं।
आरोप था कि निविदा प्राप्त करने के उद्देश्य से शपथ पत्र एवं गुमास्ता पंजीयन में दर्ज तारीखों को एडिट कर दस्तावेज दोबारा प्रस्तुत किए गए। शिकायत की जांच के दौरान आवेदक अंकित नागर एवं अनावेदक मोहम्मद अली के बयान दर्ज किए गए। मोहम्मद अली ने अपने बयान में बताया कि अप्रैल 2026 में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की निविदा में गुमास्ता पंजीयन एवं शपथ पत्र लगाए गए थे, जिनमें कंप्यूटर ऑपरेटर की गलती से गलत तारीख दर्ज हो गई थी।
इस त्रुटि के कारण विभाग द्वारा उनका टेंडर अपात्र कर दिया गया था। हालांकि पुलिस जांच में कूटरचना करना सामने आया। जांच प्रतिवेदन एवं दस्तावेजों के आधार पर मोहम्मद अली पिता तैय्यब अली, उम्र 47 वर्ष, निवासी दरगाह रोड गिरवर, शाजापुर, प्रोपराइटर नवीन प्रिंटिंग प्रेस के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जांच में नोटरी अधिवक्ता प्रहलादचंद्र सिंदल के बयान भी दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि मोहम्मद अली ने 15 अप्रैल 2025 को एक शपथ पत्र नोटरी सत्यापन के लिए प्रस्तुत किया था, जिसे उनके नोटरी रजिस्टर में क्रमांक 2398 पर दर्ज कर प्रमाणित किया गया था। अधिवक्ता ने 13 अप्रैल 2026 को मोहम्मद अली का कोई शपथ पत्र नोटरी सत्यापित करने से इनकार किया।
इसके बाद नोटरी रजिस्टर की प्रमाणित छायाप्रति भी जांच में प्राप्त की गई। वहीं, श्रम विभाग शाजापुर से गुमास्ता पंजीयन की ऑनलाइन प्रति प्राप्त कर निविदा के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों का मिलान किया गया। जांच में गुमास्ता पंजीयन में भी तारीख के साथ एडिटिंग किए जाने की बात सामने आई।
यह भी पढ़ें- शाजापुर के तत्कालीन SP के नाम पर 25 लाख की वसूली का आरोप, बंगले के बाहर पुलिसकर्मी को दी रकम
पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज लगाकर निविदा हासिल करने के मामले में प्रिंटिंग प्रेस संचालक के खिलाफ तो प्रकरण दर्ज कर लिया है। किंतु इसी मामले को दबाने के नाम पर हुए कथित 25 लाख रुपए के अवैध लेनदेन। पुलिस अधिकारियों व कोतवाली थाना पुलिस की संदिग्ध भूमिका पर फिलहाल कोई कार्यवाही सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि जिस मामले में नवीन प्रिंटिंग प्रेस के संचालक पर प्रकरण दर्ज किया गया है। उस मामले की शिकायत कोतवाली थाने में की गई थी। जिसे कोतवाली थाना पुलिस ने छह माह तक दबाए रखा।
मामले में कार्रवाई से बचाने के नाम पर एसपी बंगले के बाहर तत्कालीन एसपी के नाम से 25 लाख रुपए का अवैध लेनदेन होने की शिकायत सामने आई थी। जिसे पुलिस अधिकारियों और महकमें की छवि धूमिल हुई है। हालांकि इतने सब के बावजूद अब तक इस मामले में किसी पुलिस अधिकारी या कोतवाली थाने के जिम्मेदारों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है। मामले में आवेदन की जांचकर्ता से लेकर थाना टीआइ की भूमिका संदिग्ध है।
यह भी पढ़ें- शाजापुर में पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर वकील से 4.69 लाख की ठगी, छह बार में खाते से निकाली राशि