
नईदुनिया न्यूज, शुजालपुर। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक अब बच्चों की जान पर भारी पड़ने लगा है। दो दिन में अलग-अलग क्षेत्रों में कुत्तों ने तीन बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। खारीकुंडी क्षेत्र में एक तीन साल के मासूम का कुत्ते ने कान चबा लिया, जबकि सात साल के बच्चे के हाथ और जबड़े का मांस नोच लिया। लगातार हो रहे हमलों से अभिभावकों में डर और रहवासियों में नगर पालिका के प्रति नाराजगी है।
शुक्रवार सुबह वार्ड 21 में खारीकुंडी के पास तीन वर्षीय अरहान पिता सद्दाम पर कुत्ते ने हमला कर दिया। उसके कान में गंभीर चोट आई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया। इससे पहले गुरुवार रात इसी क्षेत्र में सात वर्षीय राज पिता प्रकाश नायक पर कुत्ते ने हमला किया। कुत्ते ने उसके बाएं हाथ और जबड़े का मांस नोच लिया।
बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पानी फेंककर कुत्ते को भगाया। इसके अलावा शुक्रवार सुबह वार्ड 6 में छह वर्षीय तैमूर खान के कंधे पर कुत्ते ने काट लिया। उसे सिविल अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में कुत्ते ने बच्ची को काटा, रेबीज इंजेक्शन लगवाने के बाद भी हो गई मौत
मंडी क्षेत्र में बच्चों पर हमले के बाद कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने खुद ही एक कुत्ते को पीटकर मार डाला था। इसके बावजूद हमले जारी हैं। रहवासियों ने नगर पालिका से प्रभावित क्षेत्रों में आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में आवारा कुत्तों का आतंक: रोज 121 लोग और 22 बच्चे हो रहे शिकार, अक्टूबर में 3,754 डॉग बाइट केस