
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। जिले के 141 गांवों की 9 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने वाला आवदा डैम जिम्मेदार विभाग की अनदेखी और लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण बदहाल होता जा रहा है।
शनिवार को डैम के ओवरफ्लो होने के बाद इसकी जर्जर स्थिति और गंभीर हो गई। डैम की दीवारों में पहले से मौजूद दरारों के बीच से पानी बहने लगा, जिससे डैम की मजबूती को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। डैम की दीवार में कई स्थानों पर दो से तीन इंच तक चौड़ी और करीब 15 से 25 फीट लंबी दरारें दिखाई दे रही हैं।
मरम्मत के इंतजार में बांध
ओवरफ्लो होने के बाद इन दरारों से पानी का रिसाव शुरू होने पर स्थिति साफ तौर पर सामने आ गई। डैम की पिचिंग में लगाए गए बड़े पत्थर भी कई स्थानों से उखड़ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समय रहते मरम्मत और रखरखाव के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए।
85 वर्षों से कर रहा सिंचित
आवदा डैम का निर्माण वर्ष 1927 में शुरू हुआ था और सात वर्ष बाद वर्ष 1934 में यह बनकर तैयार हुआ। करीब 85 वर्षों से यह डैम क्षेत्र की कृषि व्यवस्था का प्रमुख आधार बना हुआ है। डैम से 141 गांवों के किसानों को रबी फसल की सिंचाई के लिए तीन बार पानी उपलब्ध कराया जाता है। इससे 9 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि सिंचित होती है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में स्वाइन फ्लू और डेंगू के बीच चिकनगुनिया की दस्तक, नए केस मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की बढ़ी चिंता
डैम में दरारें बढ़ा रही किसानों की चिंता
अब डैम की दीवारों में दरारें और रिसाव सामने आने के बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि समय रहते इसकी तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में डेम की सुरक्षा के साथ ही इससे जुड़े किसानों की सिंचाई व्यवस्था पर भी संकट खड़ा हो सकता है।
एक नजर में आवदा डैम
वर्ष 1934 में बनकर तैयार हुआ डेम। निर्माण लागत 23.64 लाख रुपये। कुल भराव क्षमता 42.5 फीट। डैम की ऊंचाई 20 मीटर। मुख्य बांध की लंबाई 1158 मीटर। मुख्य बांध, वेस्ट वीयर और मिट्टी के पाल सहित कुल लंबाई करीब 6 किमी। कैचमेंट क्षेत्र 233 वर्ग किलोमीटर। 141 गांवों को मिलता है सिंचाई का पानी। रबी फसल के लिए तीन बार मिलता है पानी। 9 हजार हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि होती है सिंचित।
यह भी पढ़ें- श्योपुर के जंगल में भरा पानी, चीते सहित अन्य जानवरों पर मंडरा रहा खतरा, बढ़ाई गई निगरानी