
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। नेशनल हाईवे-552 पर दौड़ती तेज रफ्तार गाड़ियां अब राहगीरों के लिए खतरे का सबब बन गई हैं। स्थिति यह है कि, कहीं दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में लोग लहूलुहान हो रहे हैं तो कहीं सड़क पर बैठी गाय जानलेवा साबित हो रही है। इस मार्ग पर हुए हादसों में किसी की जान चली गई, तो किसी को जिंदगीभर के लिए दिव्यांगता का दर्द झेलना पड़ रहा है।
तीन नीमड़ी बायपास से भोगिका तिराहे, ककरेड़ी और गोपालपुरा तक दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा। इसके बावजूद संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी सुरक्षा इंतजामों की कमी ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रही है।
यहां बता दें कि, पाली पुल से गोरस तक एनएच 552 का निर्माण होते ही वाहन चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं। तेज स्पीड के बीच जब भी कोई बाइक चालक सड़क क्रास करने या साइड लेने के प्रयास करता है तो तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। हादसों ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी वाले इलाकों, तिराहों और गांवों को जोड़ने वाले रास्तों पर वाहन चालक तेज रफ्तार से गुजरते हैं। सड़क पार करने वाले ग्रामीणों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद जोखिमभरी है। लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर संकेतक, गति नियंत्रण के इंतजाम और नियमानुसार स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर हादसे ने उजाड़ा श्योपुर का परिवार, बेकाबू ट्रक ने छीनी 15 साल के बेटे और ताऊ की जान, माता-पिता गंभीर
भोगिका से सोई तक करीब पांच किलोमीटर के हिस्से में कई ऐसे मोड़ हैं, जहां सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों के मुताबिक, डंपर और ट्रैक्टर भी आबादी वाले क्षेत्रों में तेज गति से निकलते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही और सीमित दृश्यता के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें- श्योपुर में सड़क हादसा: ग्वालियर जा रहे सिख श्रद्धालुओं की ट्रॉली नॉनपुरा घाटी में पलटी, रोड पर मची चीख-पुकार, कई दबे
स्पीड ब्रेकर बनाए जाने चाहिए
ककरेड़ी, गोपालपुरा मोड़ हो या तीन नीमड़ी और भोगिका तिराहा सभी जगह तेज रफ्तार में निकलने वाले वाहनों के कारण हादसे होने का खतरा बना रहता है। इन जगहों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने चाहिए। गति नियंत्रित होने से हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। - नरेश रावत, भाजपा नेता, सोंईकलां
धीमी गति से गाड़ी चलाने की समझाइश देंगे
पुलिस जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और धीमी गति से वाहन चलाने की समझाइश लगातार दे रही है। वाहन चलाते समय लोग सावधानियां बरतें, रही बात स्पीड ब्रेकर की तो वरिष्ठ अधिकारियों से इस संबंध में बात करेंगे। - राहुल रघुवंशी, थाना प्रभारी, पुलिस थाना देहात, जिला श्योपुर