
नईदुनिया न्यूज, श्योपुर। भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व भाईदूज इस बार जिला जेल श्योपुर में भी पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जेल में निरुद्ध बंदियों को तिलक लगाने के लिए उनकी बहनों को खुली मुलाकात की सुविधा दी जाएगी।
जेल प्रशासन ने 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक का समय निर्धारित किया है। जिला जेल अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि भाईदूज पर बंदियों से मिलने आने वाली बहनों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मुलाकात के दौरान प्रत्येक बंदी से अधिकतम 10 मिनट तक मिलने की अनुमति रहेगी।
जेल प्रशासन उपलब्ध कराएगा सुविधा
बहनें अपने साथ अधिकतम 250 ग्राम मिठाई, गजक अथवा सोनपपड़ी ले जा सकेंगी। तिलक के लिए हल्दी, कुमकुम और चावल सहित पूजा की थाली जेल प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी। जेल अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा कारणों से मोबाइल फोन, रुपये और पर्स सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री परिसर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में मेट्रीमोनियल साइट पर दोस्ती, शादी का झांसा देकर महिला से दो साल तक दुष्कर्म
परिजन ऐसी वस्तुएं अपने साथ न लाएं अथवा जेल गेट के बाहर ही छोड़कर प्रवेश करें। पुरुष बंदियों से मुलाकात के लिए उनके परिवार की महिला सदस्यों और छह वर्ष से कम आयु के बच्चों को ही प्रवेश दिया जाएगा। जेल प्रशासन ने बहनों से निर्धारित समय पर पहुंचकर नियमों का पालन करने की अपील की है।