
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोतवाली थानांतर्गत डायल 113 पर पदस्थ एक आरक्षक का नशे में धुत्त वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उक्त वीडियो के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक को निलंबित कर दिया है। आरक्षक पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचा था और खुद विवादों में उलझ गया। जानकारी के अनुसार, ग्वालियर बायपास पर मंगलवार की रात एक पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था।
उनके बीच झगड़ा बढ़ा तो किसी ने डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। जिसका पाइंट एफआरवी पर तैनात आरक्षक सुमित सेंगर को दिया गया। जब वह उक्त विवाद को सुलझाने के लिए जा रहे थे तभी रास्ते में उनका खुद का विवाद हो गया। इस विवाद के दौरान वह नशे में धुत्त नजर आए, जिसका युवकों ने वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ तक पहुंचा।
उन्होंने वीडियो को देखते हुए आरक्षक के कृत्य और व्यवहार को अमर्यादित आचरण करार देते हुए पुलिस रेग्यूलेशन के पैरा क्रमांक 64 सेवा की सामान्य शर्तों का उल्लंघन बताते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में आरक्षक का मुख्यालय रक्षित केंद्र शिवपुरी रहेगा।
इसे भी पढ़ें... खुलासा! IAS संतोष वर्मा के लिए 'फर्जी फैसला' बनाने के आरोपी जज का मोबाइल मिला, 114 बार हुई थी बात