
नईदुनिया न्यूज, बसई। बसई रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज के चलते पिछोर और शिवपुरी जाने वाली सड़क को तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है। इसके चलते बरधुवां रोड पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल हो रही करीब 10 किलोमीटर लंबी सड़क महज 15 दिन में ही जगह-जगह से टूटकर जर्जर हो गई। सड़क की हालत खराब होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
सड़क पर दिख रही कंकड़ ही कंकड़
ग्रामीणों के अनुसार, भारी वाहनों के लगातार निकलने का असर सड़क पर साफ दिखाई देने लगा है। करीब 10 किलोमीटर के हिस्से में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर डामर की परत पूरी तरह उखड़ गई है, जबकि कहीं डामर निकलने के बाद सड़क पर कंकड़ ही कंकड़ दिखाई दे रहे हैं।
सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले जिस रास्ते को पार करने में करीब 10 मिनट लगते थे, अब उसी दूरी को तय करने में करीब 30 मिनट लग रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में सड़क पर दौड़ती कार बनी आग का गोला, बोनट में भड़की आग की लपटें, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
वैकल्पिक सड़क पर बना दबाव
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब क्रॉसिंग बंद होने के कारण भारी वाहनों को इसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जा रहा है तो सड़क की स्थिति सुधारने की जिम्मेदारी किसकी है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक मार्ग पर वाहनों का दबाव बना रहेगा।
ऐसे में सड़क की तत्काल मरम्मत नहीं की गई तो स्थिति और खराब हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।