
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के पोहरी बस स्टैंड पर स्थित एक होटल पर दो पुलिसकर्मियों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि एक ने दूसरे के सिर पर लोहे का सरिया दे मारा। हमले में कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में कई टांके आए हैं।
घटना के तीन दिन बाद गुरुवार की देर रात कोतवाली पुलिस ने आरोपित आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 29 सितंबर की रात करीब 10:00 बजे कोतवाली में पदस्थ प्रधान आरक्षक रुद्रप्रताप सिंह कौरव, लक्ष्मण कुशवाह के होटल पर खाना पैक कराने गए थे।
खाने को लेकर हुई कहासुनी
होटल पर पहले से इंदार थाने में पदस्थ आरक्षक रवि नरवरिया मौजूद था। बताया जा रहा है कि दोनों में बातचीत के दौरान घर पर खाना नहीं बनने की बात निकली और इसी पर कहासुनी हो गई।
बात इतनी बढ़ी कि आरक्षक रवि नरवरिया ने होटल में रखा लोहे का सरिया उठाकर प्रधान आरक्षक रुद्रप्रताप के सिर पर मार दिया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर: KVK के विज्ञानियों और कर्मियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत, अब वेतन के साथ मिलेंगे डीए और पेंशन अंशदान
कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज
सिर से खून निकलने लगा और आरोपित मौके से भाग निकला। घायल प्रधान आरक्षक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां टांके लगाने के बाद उन्होंने गुरुवार को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपित आरक्षक रवि नरवरिया का हाल ही में मायापुर थाने से इंदार तबादला हुआ है। उसने 25 सितंबर को इंदार में आमद दी थी, फिर पंचायत उपचुनाव की ड्यूटी पर चला गया।
ड्यूटी खत्म होने के बाद उसने इंदार थाने में वापसी की आमद अभी तक नहीं दी है, और इसी बीच यह घटना कर दी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर का चेतकपुरी नाला मास्टर प्लान 2035 से गायब, प्रोजेक्ट को लेकर भोपाल तक मचा बवाल, नपेंगे कई अफसर