शिवपुरी में सोते रहे कर्मचारी, चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम, कृषि मंडी में सीसीटीवी का डीवीआर और एलईडी ले गए उखाड़कर
बदरवास कृषि उपज मंडी समिति के कार्यालय में 2-3 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया।
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 11:08:48 AM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 11:08:48 AM (IST)
शिवपुरी में सोते रहे कर्मचारी, चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम, सांकेतिक तस्वीरHighLights
- बदरवास की कृषि मंडी में वारदात
- सीसीटीवी का डीवीआर उखाड़ा
- मुख्य गेट का ताला तोड़कर घुसे
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। बदरवास कृषि उपज मंडी समिति के कार्यालय में 2-3 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। चोर इस बार नकदी नहीं, बल्कि सबूत मिटाने के इरादे से मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों का 16 चैनल का डीवीआर और 32 इंच की एलइडी ही उखाड़कर ले गए।
मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे
मंडी सचिव ने बदरवास थाने को इसकी सूचना दी। सूचना के अनुसार वारदात रात में हुई है। बदमाशों ने सबसे पहले मंडी के मुख्य गेट के चैनल का ताला तोड़ा। अंदर घुसकर प्रांगण और आफिस में लगे सीसीटीवी सिस्टम को निशाना बनाया।
इसके बाद लेखा शाखा के कक्ष का ताला तोड़कर अंदर रखी दो लोहे की अलमारियां तोड़ दीं और शासकीय दस्तावेजों में खुर्दबुर्द करने के साथ-साथ सामग्रीकी तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई। घटना का पता सुबह तब चला जब रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी आकाश वाल्मिक ने कार्यालय का ताला टूटा देखा।
पुलिस को दी गई सूचना
मंडी प्रशासन ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी है। मंडी सचिव ने पुलिस से अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब रात में मंडी में कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद था तो फिर चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम कैसे दे गए? और कर्मचारी को कानों-कान खबर तक नहीं हुई।