
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। 14 साल पहले शुरू हुआ शिवपुरी का सीवर प्रोजेक्ट आखिर 113 करोड़ रुपए खर्च होने के बाद भी पूरा नहीं हो सका। शुरुआत में करीब 67 करोड़ रुपए खर्च हुए इसके बाद इस प्रोजेक्ट पर खर्च की राशि बढ़ती गई लेकिन सीवर लाइनों से गंदा पानी बाहर नहीं निकाला जा सका।
19 सितंबर को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिशा की बैठक में सभी जिला अधिकारियों के बीच कहा था कि शिवपुरी का सीवर प्रोजेक्ट फेल हो गया जो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।
सिंधिया ने उदाहरण देते हुए बताया था कि उनके परिवार के पुराने कार्यकाल में बिछाई गई सीवर लाइन आज भी कई किलोमीटर तक चालू है, जबकि 113 करोड़ खर्च होने के बाद इसे चालू नहीं कर पाए हैं।
शिवपुरी सीवर प्रोजेक्ट का मामला हाईकोर्ट तक भी जा पहुंचा है। हाइकोर्ट के निर्देश पर आठ विभागीय सदस्यों की विशेष जांच टीम बनाई गई है।
जांच टीम में नागपुर के दो वैज्ञानिक, एसडीएम शिवपुरी, ट्रेजरी अधिकारी, इफको के अधिकारी और नगरीय प्रशासन के इंजीनियर शामिल हैं। यह जांच टीम 28 सितंबर को हाईकोर्ट में अपनी जांच रिपोर्ट पेश करेगी।
जिम्मेदारों से हो सकती है रिकवरी
सीवर प्रोजेक्ट फेल होने के पीछे जो अधिकारी जिम्मेदार होंगे उनसे रिकवरी भी हो सकती है। करीब 80 से 90 लोग कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। हाल यह है कि सीवर प्रोजेक्ट के तहत लोगों के घरों तक सीवर लाइन नहीं जुड सकीं। कई जगहों पर लाइनें मलबा से जाम हैं।
कई मिट्टी में ही दबकर रह गईं। जहां सीवर लाइन डली तो वहां चालू होने से पहले ही फूट गई। सीवर लाइनों के ढक्कन तक नहीं लगाए जा सके। पूरे प्रोजेक्ट पर देखें तो करीब 120 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। इसके बाद भी सीवर प्रोजेक्ट फेल हो गया। शहर का गंदा पानी झीलों तक पहुंचता है।
अब लोग संसय में, क्या फिर खुदेंगी सड़कें
सीवर प्रोजेक्ट के दौरान जिस तरह से शहर को पाइप लाइन बिछाने खोद दिया था उससे लोग सालों परेशान रहे। कई जगहों पर तो खोदी गई सड़कों की मरम्मत तक नहीं कराई गईं। अब सांसद ने जब दिशा की बैठक में सीवर प्रोजेक्ट फेल बताया तो लोग संसय में हैं कि क्या अब फिर सड़कें खुदेंगी। जो लोग अपने घरों के सामने सड़कों की मरम्मत निजी खर्चों से कर लिया करते थे वो भी अब नहीं कर रहे हैं।
सीवर प्रोजेक्ट को लेकर जांच हुई है। इसकी जांच विशेष टीम ने की है। यह जांच रिपोर्ट हाइकोर्ट में पेश की जाएगी। यशवंत राठौर, सीएमओ, शिवपुरी नपा