
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार तड़के भस्म आरती में शामिल होने दिल्ली से आए चार श्रद्धालुओं और मंदिर के सुरक्षा कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की।
वहीं, घटना के बाद मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ ने चारों श्रद्धालुओं के खिलाफ महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी। घटना के बाद एक बार फिर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
कोर सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ पवन शर्मा ने पुलिस को बताया कि भस्म आरती के दौरान चलित दर्शन करने वालों की कतार त्रिवेणी द्वार के अंदर लगवाई गई थी। इस दौरान फूल-प्रसाद विक्रेताओं ने अन्नक्षेत्र के सामने लगा बैरिकेड खोल दिया। इससे दर्शनार्थियों की आवाजाही अव्यवस्थित हो गई। सुरक्षाकर्मी बैरिकेड को दोबारा लगाकर रास्ता व्यवस्थित कर रहे थे।
इसी दौरान कुछ दर्शनार्थी निर्धारित कतार से अलग होकर अंदर चले गए, जबकि उनके साथ आए कुछ लोग बाहर रह गए। इस बात को लेकर सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतार में आने की समझाइश दी। विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। बाद में एएसओ पवन शर्मा ने दिल्ली निवासी जतिन गोयल, अनुज गोयल, अमर गोयल और सत्यम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम चारों के खिलाफ केस दर्ज किया।
घटना सामने आने के बाद भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि मंदिर में आए दिन श्रद्धालुओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं के साथ मनमाना व्यवहार कर रहे हैं। दो वर्षों से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे महाकाल मंदिर के साथ उज्जैन की छवि भी प्रभावित हो रही है।
तिवारी ने कहा कि कुछ दिन पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी के साथ भी सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर विवाद हुआ था। पहले भी श्रद्धालुओं के साथ विवाद के मामलों में शिकायतें सामने आती रही हैं। कई बार कार्रवाई के बजाय श्रद्धालुओं को ही दोषी ठहराकर उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी जाती है।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग, अर्धसैनिक बल तैनात हो
भाजपा पार्षद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि महाकाल मंदिर में ठेके पर काम करने वाले सुरक्षा कर्मचारियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। मंदिर में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर किसी व्यक्ति, संस्था या शासन-प्रशासन का नहीं, बल्कि भगवान महाकाल के भक्तों का है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान और उन्हें सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के बागड़िया टावर में लगी भीषण आग, क्रेन से बचाए गए 25 से ज्यादा लोग
फिलहाल पुलिस ने एएसओ की शिकायत पर चारों श्रद्धालुओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि, विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट किसकी ओर से की गई, यह मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में श्रद्धालुओं का पक्ष भी महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में सिंहस्थ से पहले बदलेगा मां गढ़कालिका मंदिर का स्वरूप, 17.81 करोड़ से बनेगा भव्य परिसर