
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत रेलवे ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार सुबह माधवनगर रेलवे स्टेशन के बाहर रेलवे की जमीन पर बनी दरगाह को हटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान रेलवे विभाग के अधिकारियों के साथ आरपीएफ और जीआरपी का अमला भी मौजूद रहा।
दरअसल, पश्चिम रेलवे द्वारा सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे स्टेशन के आसपास होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए माधवनगर, नीलगंगा और इंदौर गेट की ओर रेलवे के पुराने क्वार्टरों को हटाने के साथ ही रेलवे की जमीन से अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। इन स्थानों पर यात्रियों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

सिंहस्थ के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव काफी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में स्टेशन के अलग-अलग प्रवेश मार्गों पर होल्डिंग एरिया तैयार करने की योजना है, ताकि श्रद्धालुओं को एक साथ स्टेशन परिसर में पहुंचने से रोका जा सके और भीड़ को नियंत्रित तरीके से प्लेटफार्म तक भेजा जा सके। शनिवार को माधवनगर स्टेशन के बाहर की गई कार्रवाई को भी इसी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन सिंहस्थ में 900 करोड़ की सुरक्षा, अब बिना परमिशन ड्रोन को भी नहीं मिलेगी एंट्री
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 में मोबाइल नेटवर्क नहीं होगा जाम, 12 नए टावर और 122 जगह लगेंगे अस्थायी स्टेशन