
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के भिड़ावद गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर सदियों पुरानी अनूठी परंपरा निभाई गई। इस परंपरा का दृश्य देखकर हर कोई हैरान रह गया। यहां मन्नत मांगने वाले श्रद्धालु जमीन पर लेट जाते हैं और उनके ऊपर से गायों का झुंड गुजरता है।
गायों के पैरों तले लोगों को लेटे देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम जाती हैं। धार्मिक आस्था से जुड़ी इस परंपरा को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ग्रामीणों के अनुसार यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर साल गोवर्धन पूजा के अवसर पर इसका आयोजन किया जाता है।
इस अनूठी परंपरा के पीछे ग्रामीणों की गहरी धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है। लोगों का विश्वास है कि गाय में 33 कोटी देवी-देवताओं का वास होता है। ऐसे में गायों के पैरों के नीचे से गुजरने पर देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त होता है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। गांव में जिन लोगों ने कोई मन्नत मांगी होती है, वे इस आयोजन में शामिल होकर जमीन पर लेटते हैं।
मान्यता के अनुसार जिन श्रद्धालुओं की मन्नत पूरी हो जाती है, वे भी इस परंपरा का निर्वाह करते हैं। यही वजह है कि हर साल गोवर्धन पूजा के अवसर पर लोग अपनी आस्था के साथ इस आयोजन में भाग लेते हैं। हालांकि, गायों के पैरों के नीचे लेटने की यह परंपरा जोखिम भरी भी है और इसमें गंभीर चोट लगने की आशंका बनी रहती है।
इस आयोजन में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को परंपरा के अनुसार पहले से विशेष तैयारी करनी होती है। बताया जाता है कि इसमें शामिल होने वाले लोग पांच दिनों तक उपवास रखते हैं। दीपावली से एक दिन पहले गांव के माता मंदिर में पहुंचकर रात बिताते हैं। इस दौरान मंदिर में भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना की जाती है।
इसके बाद गोवर्धन पूजा के अगले दिन सुबह विधि-विधान से पूजन किया जाता है। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ गांव की परिक्रमा निकाली जाती है। इस दौरान ग्रामीणों में खास उत्साह देखने को मिलता है। पूजा और परिक्रमा के बाद गांव की गायों को एक स्थान पर एकत्रित किया जाता है और फिर इस अनूठी परंपरा का मुख्य आयोजन शुरू होता है।
आयोजन के दौरान एक तरफ गांव की गायों को एकत्रित किया जाता है, वहीं दूसरी ओर मन्नत मांगने वाले श्रद्धालु जमीन पर एक कतार में लेट जाते हैं। इसके बाद गायों के झुंड को एक साथ छोड़ दिया जाता है। देखते ही देखते गायें श्रद्धालुओं के ऊपर से गुजरती हुई आगे निकल जाती हैं। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य बेहद रोमांचक और चिंता बढ़ाने वाला होता है।
यह भी पढ़ें- अन्नकूट और गोवर्धन पूजा: प्रकृति, गोवंश और अटूट आस्था का महापर्व
गायों के गुजरने के बाद श्रद्धालु उठकर ढोल की धुन पर नाचते नजर आते हैं और पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन जाता है। ग्रामीण कुंदन मालवीय के अनुसार इस वर्ष भी सुबह कई लोगों ने इस परंपरा में हिस्सा लिया और उनके ऊपर से गायों का झुंड गुजरा। पिछले वर्षों में एक दर्जन से अधिक लोग इसमें शामिल होते रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक इस परंपरा में केवल वही लोग भाग लेते हैं, जिन्होंने कोई मन्नत मांगी हो।