
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की नाराजगी सोमवार को उग्र विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आई। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हिमांशु शुक्ल के नेतृत्व में छात्र माधव भवन पहुंचे और कुलसचिव कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलसचिव डॉ. अनिल शर्मा की नेमप्लेट तोड़ दी। जूता दिखाकर कुलसचिव को मारने के नारे लगाए और कार्यालय के शटर पर धक्का-मुक्की कर अपनी ताकत दिखाई।
प्रदर्शनकारी छात्र परीक्षा परिणामों और विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं से नाराज थे। छात्रों ने कुलसचिव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया। विरोध के दौरान माहौल काफी गर्म हो गया। छात्र हाथों में जूते उठाकर नारे लगाते नजर आए। माधव भवन में हुए इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र कार्यालय के बाहर हंगामा करते और शटर को धक्का देते दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल, विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर विद्यार्थियों की नाराजगी पहले भी सामने आ चुकी है। बीते दिनों विद्वतम छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा और छात्रावास परिसर में जहरीले जीव-जंतुओं की आवाजाही को लेकर गंभीर शिकायतें की थीं। छात्राओं ने खराब भोजन और असुरक्षित माहौल की स्थिति मीडिया के सामने रखी थी। इसके बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवाल उठे थे।
अब परीक्षा परिणाम और दूसरी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर एनएसयूआई ने माधव भवन में प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं का विरोध कुलसचिव कार्यालय तक पहुंचा और नेमप्लेट तोड़ने तथा जूते दिखाकर नारेबाजी करने जैसी घटनाएं हुईं।
विश्वविद्यालय में लगातार सामने आ रही शिकायतों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यार्थियों की मांगों और शिकायतों पर विश्वविद्यालय प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, यह देखना होगा। फिलहाल माधव भवन में हुए इस हंगामे ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली और छात्र-प्रशासन के बीच बढ़ते टकराव को फिर चर्चा में ला दिया है।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं से बदसलूकी! बाउंसर्स पर भड़के विधायक मालवीय, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश में करीब नौ साल के अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव की चर्चा फिर तेज हुई है। अगस्त 2026 में हाई कोर्ट ने शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। ऐसे में विश्वविद्यालयों में छात्र संगठनों की सक्रियता बढ़ी है।
परीक्षा परिणाम, छात्रावासों की सुविधाएं और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे मुद्दे छात्र राजनीति के केंद्र में हैं। उज्जैन का माधव भवन घटनाक्रम भी इसी बढ़ती सक्रियता के बीच सामने आया है।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में रील बनाना इंदौर MLA के बेटे को पड़ा महंगा... एक साल तक प्रोटोकाल दर्शन पर रोक