
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। महाकाल दर्शन के बाद राजस्थान के रामगंजमंडी लौट रहे एक परिवार का इंटरप्रिटेशन चौराहे पर सांची पार्लर संचालक से विवाद हो गया। कोल्ड्रिंक खरीदने और 100 रुपये में से बचे रुपये मांगने को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद दुकान संचालक व साथियों ने मां-बेटे से मारपीट कर दी।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महाकाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार कृष्णा पुत्र राजेंद्र प्रसाद वैष्णव उम्र 28 वर्ष निवासी आनंद विहार कॉलोनी, रामगंजमंडी (कोटा) राजस्थान स्टोन का कारोबार करते हैं।
गुरुवार की रात अपने भाई मुरलीधर, मां सुमन वैष्णव, पिता राजेंद्र प्रसाद और भतीजे शिवांश के साथ कार से महाकाल दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद परिवार वापस राजस्थान लौट रहा था। इस दौरान उनकी कार इंटरप्रिटेशन चौराहे पर सांची पार्लर के पीछे खड़ी थी। कृष्णा कार निकालकर लाए तो उनकी मां भतीजे के लिए कोल्ड्रिंक लेने दुकान पर गई।
कृष्णा के अनुसार मां ने दुकानदार आकाश खींची को 100 रुपये दिए। कोल्ड्रिंक देने के बाद जब उन्होंने बाकी रुपये मांगे तो दुकानदार ने जल्दी किस बात की कहते हुए बहस शुरू कर दी। मां ने रामगंजमंडी जाने की बात कहते हुए सामान वापस लेकर पैसे लौटाने को कहा। आरोप है कि इस पर दुकानदार ने मां को गालियां दी और रुपये फेंक दिए।
विरोध करने पर कृष्णा के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उनके बड़े भाई मुरलीधर को भी पीटा, जिससे उन्हें चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। कृष्णा ने आरोप लगाया कि दुकानदार ने जाते समय दोबारा दुकान पर आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
दूसरी ओर सांची पार्लर संचालक आकाश पुत्र जितेंद्र खींची उम्र 30 वर्ष निवासी जयसिंहपुरा ने भी महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि रात करीब सवा 11 बजे एक महिला बच्चे के लिए कोल्ड्रिंक लेने आई थी। उसने 100 रुपये दिए थे। कोल्ड्रिंक देने के बाद शेष रुपये लौटाने में थोड़ी देरी हो गई। इस पर महिला ने सामान वापस लेकर पूरे पैसे लौटाने को कहा।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में पड़ोसी से मामूली विवाद के तीन दिन बाद घर में घुसकर हमला, हथौड़े और डंडों से की तोड़फोड़
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आकाश का आरोप है कि महिला के साथ आए दो युवकों ने उसकी मां से बहस करने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इससे दुकान का सामान भी बिखर गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। आकाश ने बताया कि युवकों की कार का नंबर नोट कर लिया था। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- महाकाल मंदिर में इंदौर के विधायक के बेटे ने बनाई रील, सुरक्षा एजेंसी पर लगा पांच लाख का जुर्माना