
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। वैकुंठ चतुर्दशी पर रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि 12 बजे श्री द्वारकाधीश गोपाल मंदिर में हरिहर मिलन हुआ। हर भगवान महाकाल ने हरि गोपालजी को पुन: सृष्टि का भार सौंपा। हरिहर मिलन के इस दिव्य दृश्य को देखने के लिए हजारों भक्त उमड़े। श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी की अभिव्यक्ति आतिशबाजी के रूप में की।
हालांकि प्रशासनिक सतर्कता और अभूतपूर्व पुख्ता इंतजामों से हिंगोट, राकेट जैसे अत्यंत ज्वलनशील पटाखों को चलाने पर सख्ती से रोक रही। गोपाल मंदिर के बाद सोमवार तड़के 4 बजे महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान हरिहर मिलन होगा।
ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर से हरिहर मिलन के लिए परंपरा अनुसार रविवार रात 11 बजे भगवान महाकाल की सवारी निकली। राजसी वैभव के साथ निकली सवारी में पुलिस का अश्वरोही दल, पुलिस बैंड आदि शामिल थे। कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच अवंतिकानाथ महाकाल रात 12 बजे गोपाल मंदिर पहुंचे। इसके बाद पालकी को भीतर ले जाया गया और दोनों देवों को सम्मुख बैठाकर हरिहर मिलन की परंपरा निभाई गई।
पुजारियों ने गोपालजी की ओर से भगवान महाकाल को तुलसी की माला पहनाई तथा महाकाल की ओर से गोपालजी को बिल्व पत्र की माला अर्पित की गई। दोनों मंदिर के पुजारियों ने भगवानों को वस्त्र, फूल, सूखे मेवे भेंट किए। पूजा अर्चना के उपरांत रात 2 बजे भगवान महाकाल की सवारी पुन: महाकाल मंदिर के लिए रवाना हुई।
हरिहर मिलन में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। रात नौ बजे से ही गलियों और रास्तों पर पुलिस बल तैनात रहा। चप्पे-चप्पे पर निगरानी के साथ गलियों की तलाशी भी ली गई। श्रद्धालुओं ने उल्लास और भक्तिभाव के साथ उत्सव मनाया।
गोपाल मंदिर में मध्यरात्रि को हरिहर मिलन के बाद सोमवार तड़के 4 बजे ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान भी हरि और हर का मिलन हुआ। इस विशेष परंपरा में मंदिर परिसर स्थित साक्षी गोपाल मंदिर से भगवान गोपालजी की प्रतिमा को झांझ-डमरू और वाद्य यंत्रों की ध्वनि के बीच गर्भगृह में लाया गया। भगवान महाकाल के सम्मुख श्रीहरि की प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन और भोग लगाया गया।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी, देवास-इंदौर के बीच बिछेगी डेढ़ किमी लंबी नई रेल लाइन
कार्तिक-अगहन मास में सोमवार को भगवान महाकाल की दूसरी सवारी निकलेगी। अवंतिकानाथ चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर रूप में सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकलेंगे। महाकाल मंदिर से शाम 4 बजे परंपरा अनुसार सवारी की शुरुआत होगी।
यह भी पढ़ें- उज्जैन सिंहस्थ में 900 करोड़ की सुरक्षा, अब बिना परमिशन ड्रोन को भी नहीं मिलेगी एंट्री